वॉशिंगटन:दुनियाभर में कोरोना की रफ्तार अब कम होने लगी है। बीते दिन दुनिया में 3 लाख 58 हजार 179 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह लगातार दूसरा दिन रहा, जब एक दिन में 4 लाख से कम कोरोना के मामले सामने आए हैं।
मौतों के आंकड़े की बात करें, तो बीते दिन 7,869 लोगों की कोरोना संक्रमण की वजह से जान गई। एक दिन में जान गंवाने वालों के मामले में यह कड़ा बीते 58 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 4 अप्रैल को 7123 लोगों की मौत हुई थी।
भारत में भी मामले कम हुए
भारत में भी कोरोना के मामले अब कम होने लगे हैं। यहां 6 मई को सबसे ज्यादा 4.14 लाख केस आए थे। यह आंकड़ा अब 1.30 लाख से भी नीचे आ गया है। बीते दिन भारत में 1.26 लाख केस मिले और 3 हजार से कम मौतें हुईं।
फिलीपींस ने भारत समेत 6 देशों पर ट्रैवल बैन बढ़ाया
फिलीपींस ने भारत समेत 6 देशों पर लगाया गया ट्रैवल बैन बढ़ा दिया है। भारत में कोरोना वैरिएंट B.1617 पाए जाने के बाद यह बैन लगाया गया था। अब इसे 15 जून तक बढ़ा दिया गया है। भारत के अलावा पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात पर यह पाबंदी लागू होगी।
अमेरिकी एक्सपर्ट्स की चेतावनी
- अमेरिकी मीडिया कंपनी ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक वायरस की उत्पत्ति के मुद्दे को लेकर अमेरिका के दो एक्सपर्ट्स ने बड़ी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि या तो कोविड-19 की उत्पत्ति (ओरिजिन) का पता लगाएं या फिर कोविड-26 और कोविड-32 के लिए तैयार रहें।
- यह चेतावनी अमेरिका की डोनाल्ड ट्रम्प सरकार में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर रहे स्कॉट गॉटलीब और टेक्सास के चिल्ड्रेंस हॉस्पिटल सेंटर फॉर वैक्सीन डेवलपमेंट के को-डायरेक्टर पीटर होट्स ने दी है। गॉटलीब अभी दवा कंपनी फाइजर के बोर्ड में शामिल हैं।
चीन में फिर कोरोना संकट
चीन में एक बार कोरोनावायरस पैर पसार रहा है। यहां के गुआनझाओ शहर में 30 और 31 मई के बीच 27 नए केस मिले। इनमें से सिर्फ 7 मरीज ऐसे थे जो दूसरे देशों से यात्रा करके यहां आए थे। बाकी 20 केस लोकल ट्रांसमिशन के हैं। इसके बाद शहर में सख्ती बढ़ा दी गई है। सभी लोगों से टेस्ट कराने को कहा गया है और इसके लिए शहर में सैकड़ों टेस्टिंग सेंटर बनाए गए हैं। अब तक 519 फ्लाइट्स भी कैंसल की गई हैं।
अब तक 17.14 करोड़ केस
दुनिया में कोरोना के अब तक 17.14 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 35.64 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15.39 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.41 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.40 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 91,755 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 34,113,146 | 609,767 | 27,863,840 |
भारत | 28,173,655 | 331,909 | 25,939,504 |
ब्राजील | 16,547,674 | 462,966 | 14,964,631 |
फ्रांस | 5,667,324 | 109,528 | 5,333,597 |
तुर्की | 5,249,404 | 47,527 | 5,114,624 |
रूस | 5,071,917 | 121,501 | 4,684,585 |
ब्रिटेन | 4,487,339 | 127,782 | 4,289,486 |
इटली | 4,217,821 | 126,128 | 3,858,019 |
अर्जेंटीना | 3,781,784 | 78,093 | 3,350,602 |
जर्मनी | 3,689,918 | 89,148 | 3,486,700 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)