नई दिल्ली:भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने श्रीलंका दौरे के लिए अब तक भारतीय टीम का ऐलान नहीं किया है। इस सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी किसे सौंपी जाएगी। इसे लेकर भी सवाल है। विराट कोहली की अगुवाई में भारत की मुख्य टीम इंग्लैंड दौरे पर जा रही है। इसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, आर अश्विन समेत अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं श्रीलंका के खिलाफ लिमिटेड ओवर की सीरीज खेलने वाली टीम में अधिकतर युवा खिलाड़ी होंगे।
पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया का मानना है कि श्रींलका दौरे में टीम इंडिया की कमान ऐसे खिलाड़ी को देनी चाहिए, जिससे भारत की भविष्य की टीम का कप्तान तैयार किया जा सके। अभी तक शिखर धवन का नाम इस लिस्ट में सबसे आगे चल रहा है। कनेरिया ने अपने यू ट्यूब चैनल में कहा, “श्रीलंका दौरा भारत के लिए अपने अगले कप्तान को खोजने और उसे तैयार करने का एक शानदार अवसर है। विकल्प अधिक नहीं है। वास्तव में केवल दो विकल्प हैं। एक संजू सैमसन हैं, जिन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की है। वो आईपीएल में विकेट के पीछे भी अच्छे दिख रहे थे। दूसरा विकल्प सबसे सीनियर खिलाड़ी शिखर धवन हैं। वो वनडे और टी20 में सीनियर खिलाड़ी हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि हालांकि क्या धवन भविष्य में भारत का नेतृत्व करने के लिए एक दीर्घकालिक विकल्प हैं? या फिर सैमसन के पास खुद को सुधारने का समय और अवसर है? या फिर हार्दिक पांड्या कैप्टेंसी मटेरियल हैं? ये सभी कठिन सवाल हैं। लेकिन जहां तक मेरी बात है, मैं एक ऐसे खिलाड़ी के साथ जाऊंगा जो भविष्य में भारत का नेतृत्व कर सके। कनेरिया का मानना है कि सैमसन को और अधिक अवसर देने चाहिए ताकि उनके लिए आगे का रास्ता बने। लेकिन कनेरिया ने आगे कहा कि उन्हें लगता है धवन को कप्तानी सौंपी जाएगी। मेरे ऊपर होता तो मैं सैमसन के साथ जाता, क्योंकि अगर भविष्य में विराट कोहली कप्तानी छोड़ते हैं तो हमें किसी और को तैयार करने की जरूरत है। लेकिन प्रबल संभावना है कि धवन को कप्तान बनाया जाएगा।