नई दिल्ली:भारतीय टीम के पूर्व चीफ सिलेक्टर किरण मोरे के एक बयान ने फिर से भारतीय टीम में स्प्लिट कैप्टेंसी की बहस को हवा दे दी है। किरण मोरे ने कहा कि आने वाले समय रोहित शर्मा को लिमिटेड ओवरों में कप्तानी दी जा सकती है। उन्होंने इसकी वजह वर्कलोड को बताया। महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास लेने के बाद से विराट कोहली तीनों फॉर्मेंटों मे भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
इंडिया टीवी को दिए इंटरव्यू में किरण मोरे ने कहा, ” टीम इंडिया का इस साल शेड्यूल बहुत ही टाइट है तो भारत जल्द ही इस फॉर्मूले पर विचार कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह बहुत ही बड़ी बात होगी, क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।” भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मोरे ने आगे कहा कि रोहित शर्मा को लिमिटेड ओवरों का कप्तान बनाया जा सकता है। धोनी की कप्तानी में निखरने वाले विराट कोहली एक चालाक कप्तान हैं, लेकिन तीनों फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर पाना किसी के लिए संभव नहीं है।
रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। मोरे ने कहा कि कोहली को भी सोचना होगा कि वो वनडे और टी20 में कितने समय तक कप्तानी कर सकते हैं। इंग्लैंड दौरे के बाद आप इन फैसलों के बारे में बहुत कुछ जान पाएंगे। किरण मोरे ने आगे कहा कि भारत में स्प्लिट कैप्टेंसी काम कर सकती है। सीनियर खिलाड़ी भारतीय टीम के भविष्य के बारे में क्या सोचते हैं यह बहुत महत्वपूर्ण है। विराट कोहली के साथ, तीन टीमों की कप्तानी करना इतना आसान नहीं है और साथ ही उन्हें अच्छा प्रदर्शन भी करना है। मैं उन्हें इसका श्रेय भी देता हूं कि हर फॉर्मेट में कप्तानी के अलावा परफोमेंस भी कर रहे हैं। लेकिन, मुझे लगता है कि एक समय ऐसा आएगा जब विराट कोहली कहेंगे “अब बहुत हो गया, रोहित को टीम की अगुवाई करने दो।”