नई दिल्ली:देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ों के मामले में रोजाना नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। बीते दिन देश में सबसे ज्यादा 2 लाख 60 हजार 533 नए संक्रमितों की पहचान हुई। इससे पहले शुक्रवार को 2.33 लाख मामले सामने आए थे। पिछले 24 घंटे में एक लाख 38 हजार 156 लोगों ने कोरोना को मात दी और 1492 लोगों की जान भी गई।
शनिवार को जिन राज्यों में सबसे ज्यादा मामले सामने आए, उनमें महाराष्ट्र (67,123), उत्तर प्रदेश (27,334), दिल्ली (24,375), कर्नाटक (17,489) और छत्तीसगढ़ (16,083) शामिल हैं। बीते दिन देश में आए कुल नए मामलों के 58% से ज्यादा मामले सिर्फ इन्हीं राज्यों में सामने आए।
एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बीते दिन इनमें 1.20 लाख का इजाफा हुआ। फिलहाल देश में 17 लाख 93 हजार 976 लोगों का इलाज चल रहा है। पिछले कुछ दिनों से जिस रफ्तार से एक्टिव केस के आंकड़े में बढ़ोतरी हो रही है, आज यह आंकड़ा 18 लाख के पार पहुंच जाएगा।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.60 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,492
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.38 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.47 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.28 करोड़
- अब तक कुल मौत: 1.77 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 17.93 लाख
कोरोना अपडेट्स
- दिल्ली में डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) ने 500 बिस्तरों का कोविड अस्पताल तैयार किया है। यहां बड़ी संख्या में ऑक्सीजन और वेंटिलेटर बेड्स उपलब्ध हैं। यहां लोगों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। न्यूरो और कार्डिक का केस आने पर मरीजों को AIIMS रेफर किया जाएगा।
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में ऑक्सीजन और रेमडेसिविर की कमी हो गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ICU बेड सीमित संख्या में हैं। ऑक्सीजन और ICU बेड तेजी से कम हो रहे हैं। हमने बेड कैपेसिटी बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
- कई शहरों में लॉकडाउन की वजह से पलायन जैसी स्थिति बन गई है। ऐसे में ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है। इसे देखते हुए रेलवे ने खास गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके तहत रेलवे स्टेशन या ट्रेन के अंदर मास्क न पहनने पर 500 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। परिसर में यहां-वहां थूकने और गंदगी फैलाने पर भी जुर्माना लगेगा।