टोक्यो:विंटर और समर ओलंपिक में सबसे ज्यादा बार भाग लेने का रिकॉर्ड बनाने वाली सीको हाशिमोतो को गुरुवार को टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति का प्रमुख चुना गया। हाशिमोतो ने चार बार विंटर और तीन बार समर ओलंपिक में भाग लिया है और अब उन्होंने नया इतिहास रचा, क्योंकि जापान में अब भी शीर्ष पदों पर कम महिलाएं पहुंची हैं।
टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति के पुरुष प्रधान कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद 56 वर्षीय हाशिमोतो को आयोजन समिति का अध्यक्ष चुना गया। वह 83 वर्षीय योशिरो मोरी की जगह लेंगी। पूर्व प्रधानमंत्री मोरी को महिलाओं को लेकर टिप्पणी के कारण पिछले सप्ताह इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने कहा था कि महिलाएं बहुत अधिक बातें करती हैं। हाशिमोतो प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा की कैबिनेट में ओलंपिक मंत्री पद पर हैं। उनके पास लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण से जुड़ा विभाग भी है।
उन्होंने तीन समर ओलंपिक (1988, 1992 और 1996) तथा चार विंटर ओलंपिक (1984, 1988, 1992 और 1994) में हिस्सा लिया था। उन्होंने 1992 में स्पीडस्केटिंग में 1500 मीटर में ब्रोन्ज पदक जीता था। यह ओलंपिक में उनका एकमात्र मेडल है। हाशिमोतो का ओलंपिक के साथ गजब का रिश्ता है। उनका जन्म टोक्यो ओलंपिक 1964 के उद्घाटन समारोह से पांच दिन पहले उत्तरी जापान के होकाइदो में हुआ था। उनका नाम ‘सीको’ सीका से लिया गया है जिसका अर्थ ओलंपिक मशाल होता है।