लखनऊ:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की मांगे न मानकर केंद्र की भाजपा सरकार हठधर्मी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने और किसानों के बीच दीवार खड़ी कर लोकतंत्र की मूलभावना को ठेस पहुंचाई है। सरकार जनता के लिए होती है, जनहित की उपेक्षा करने वाली सरकार जनता की नहीं हो सकती है।
अखिलेश ने शनिवार को यह बातें तमिलनाडु से आई नेताओं के समक्ष कही। सपा मुखिया से कई जिलों से आए कार्यकर्ताओं और युवाओं से भेंट की। उन्होंने सभी से सन् 2022 की चुनावी तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। इन चुनावों से भविष्य की राजनीति की दशा-दिशा तय होगी। भाजपा के षडयंत्र से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेमौसम बरसात व ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और आलू की फसल को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसल चौपट हो गई है। किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करने में भाजपा सरकार रुचि नहीं ले रही है। भाजपा सरकार को खेती की क्षतिपूर्ति करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता को भरमाने के लिए नए अभियान में भाजपा पदाधिकारी और मंत्री केंद्रीय बजट के बारे में जनता को बताएंगे। जनता बजट से पूरी तरह निराश है, लेकिन भाजपा गुमराह कर रही है। अखिलेश तमिलनाडु से आए ईलूमलाई यादव और आर सम्पत यादव ने मुलाकात की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्री किरनमय नन्दा भी उपस्थित रहे।