लंदन:अमेरिका और ब्रिटेन में वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू होने के बावजूद कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। ब्रिटेन में अब तक 35 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज दिया जा चुका है। यह देश की कुल आबादी का करीब पांच फीसदी है। चार लाख 47 हजार 261 को ही दूसरा डोज मिला है। उधर, लॉस एंजेलिस अमेरिका की पहली काउंटी बन गई है, जहां 10 लाख से ज्यादा मरीज हो गए हैं।
इंग्लैंड के नेशनल हेल्थ सर्विस ने रविवार को बताया कि 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के आधे लोगों को पहला डोज दिया जा चुका है। आने वाले हफ्तों में वैक्सीनेशन और तेज किया जाएगा। अगले 10 दिन के दौरान कुछ अस्पतालों में 24 घंटे टेस्टिंग शुरू करने की योजना है।
इस समय देश में हर मिनट लगभग 140 डोज दिए जा रहे हैं। हर 30 सेकंड में एक संक्रमित अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, ब्रिटेन में कोरोना से मरने वालों की संख्या 89,261 है। यह पूरे यूरोप में सबसे ज्यादा है। देश में अब तक 33 लाख 95 हजार 959 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
लॉस एंजेलिस की 10 फीसदी आबादी संक्रमित
अमेरिका में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को देश में दो लाख से ज्यादा मामले सामने आए। लॉस एंजेलिस काउंटी में मरीजों की संख्या 10 लाख को पार कर चुकी है। यह अमेरिका की पहली काउंटी है, जहां मरीजों की संख्या ने 10 लाख का आंकड़ा छुआ है।
देश के दूसरे सबसे बड़ी आबादी वाले इस शहर में करीब एक करोड़ लोग रहते हैं। शनिवार को यहां 14 हजार 669 नए केस मिले। लॉस एंजेलिस काउंटी डिपार्टमेंट ने ब्रिटेन में मिले नए वैरिएंट के के पहले मामले की भी पुष्टि की है।
दुनिया में करीब साढ़े 9 करोड़ केस
महामारी के दुनिया में अब तक 9 करोड़ 51 लाख 68 हजार 423 केस हो गए हैं। 20 लाख 34 हजार 614 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात ये कि 6 करोड़ 79 लाख 37 हजार 205 लोग ठीक हो चुके हैं।
ब्राजील में लगातार 5वें दिन 1000 से ज्यादा लोगों की मौत
ब्राजील में शनिवार (16 जनवरी) लगातार पांचवां दिन रहा, जब महामारी के चलते मौतों की संख्या एक हजार से ज्यादा रही। अमेरिका और भारत के बाद ब्राजील कोरोना से प्रभावित देशों में तीसरे नंबर पर है। इस बीच, ब्राजीलियन हेल्थ रेग्युलेटर (Anvisa) ने रूसी वैक्सीन स्पूतनिक-V को इमरजेंसी अप्रूवल देने से मना कर दिया है।
ब्राजीली फार्मास्यूटिकल कंपनी यूनिआओ किमिका ने इसकी इजाजत मांगी थी। रेग्युलेटर ने कहा कि स्पूतनिक-V की तरफ से जरूरी दस्तावेजों को पेश नहीं किया गया। हमें इस बात की जानकारी भी नहीं दी गई कि स्पूतनिक के तीसरे ट्रायल की मंजूरी मिली या नहीं। यूनिआओ किमिका ने जनवरी की शुरुआत में ही स्पूतनिक का प्रोडक्शन शुरू किया था।
पुर्तगाल के वित्त मंत्री को कोरोना
पुर्तगाल के वित्त मंत्री जोआओ लीओ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनके मंत्रालय के हवाले से न्यूज एजेंसी ने बताया कि वे घर पर आइसोलेशन में हैं, उनमें अब तक कोई लक्षण नहीं दिखा है और वह काम कर रहे हैं। पुर्तगाल में शुक्रवार से ही दो हफ्ते का लॉकडाउन लगाया गया है।
कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 24,327,887 | 405,547 | 14,345,507 |
भारत | 10,566,720 | 152,369 | 10,204,340 |
ब्राजील | 8,456,705 | 209,350 | 7,388,784 |
रूस | 3,568,209 | 65,566 | 2,960,431 |
UK | 3,395,959 | 89,261 | 1,519,106 |
फ्रांस | 2,894,347 | 70,142 | 208,071 |
तुर्की | 2,387,101 | 23,997 | 2,262,864 |
इटली | 2,368,733 | 81,800 | 1,729,216 |
स्पेन | 2,252,164 | 53,314 | N/A |
जर्मनी | 2,041,935 | 47,227 | 1,672,000 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)