नई दिल्ली:देश में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। गुरुवार को एक्टिव केस में 1474 मामले कम हुए। देश में अब कोरोना के 2 लाख 80 हजार 373 मरीजों का इलाज चल रहा है। 9 राज्य ऐसे हैं, जहां 10 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। इनमें केरल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश शामिल हैं।
देश में अब सिर्फ 2.8% एक्टिव केस हैं। केरल और हिमाचल में सबसे ज्यादा 8.7% मरीजों को इलाज चल रहा है। केरल में अब तक 7 लाख 26 हजार 688 केस सामने आ चुके हैं, जिनमें 63 हजार 157 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 53 हजार 766 कोरोना के मामले सामने आए, जिनमें 48 हजार 151 लोगों ने कोरोना को मात दी और 887 लोगों की जान गई। राज्य में अभी 4 हजार 681 एक्टिव केस है।
पिछले 24 घंटे में 23 हजार से ज्यादा मामले आए
देश में गुरुवार को 23 हजार 444 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई, 24 हजार 555 मरीज ठीक हो गए, जबकि 337 की मौत हो गई। अब तक कुल 1 करोड़ 1 लाख 47 हजार 468 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 97.17 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, 1.47 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 2.80 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
- केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। वैक्सीनेशन ड्राइव के ट्रायल के लिए पंजाब को चुना गया है। यहां के दो जिलों लुधियाना और शहीद भगत सिंह नगर के 5-5 जगहों पर 28 और 29 दिसंबर को वैक्सीनेशन ड्राइव का ट्रायल होगा। राज्य के सूचना विभाग ने इसकी जानकारी दी।
- पंजाब में शहीदी सभा मनाने के लिए 25 से 27 दिसंबर तक नाइट कर्फ्यू हटाया गया है। इसके पहले राज्य सरकार ने 5 जनवरी तक राज्य में नाइट कर्फ्यू लगा दिया था।
- ब्रिटेन में कोरोनावायरस के नए स्ट्रेन मिलने के चलते भारत सरकार ने वहां जाने वाली वंदे भारत की फ्लाइट्स पर भी कुछ समय के लिए रोक लगा दी है। एविएशन विभाग ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है।
- उत्तराखंड सरकार ने 10वीं और 12वीं तक के स्टूडेंट्स का विंटर वेकेशन कैंसिल कर दिया है। गुरुवार को इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया।
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने फ्रंट लाइन वर्कर्स और हेल्थ केयर वर्कर्स समेत 51 लाख लोगों की लिस्ट तैयार कर ली है, जिन्हें पहले फेज में कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहले फेज के वैक्सीनेशन के लिए एक करोड़ दो लाख वैक्सीन की जरूरत होगी, क्योंकि वैक्सीन के दो डोज देने होंगे। हमारे पास फिलहाल 74 लाख डोज को स्टोर करने के इंतजाम हैं, जिसे हम अगले एक हफ्ते में बढ़ाकर 1.15 करोड़ करने जा रहे हैं।