नई दिल्ली:देश में कोरोना के केसों में फिर एक बार तेजी देखी जा रही है। मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। बीते हफ्ते 3 लाख 24 हजार 542 केस आए। यह उससे पहले वाले हफ्ते के मुकाबले 5176 ज्यादा रहे। इससे पहले छह हफ्तों से नए केस में गिरावट दर्ज की जा रही थी। मौत का आंकड़ा भी लगातार कम हो रहा था, लेकिन पिछले हफ्ते 4011 मौत हुईं। इसमें इससे पहले वाले हफ्ते के मुकाबले 422 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बीते हफ्ते 5176 मामले ज्यादा आए, 422 मौतें ज्यादा हुईं
तारीख | केस | मौत |
21 सितंबर-27 सितंबर | 587725 | 7665 |
28 सितंबर-4 अक्टूबर | 548836 | 7136 |
5 अक्टूबर-11 अक्टूबर | 497118 | 6469 |
12 अक्टूबर-18 अक्टूबर | 429947 | 5463 |
19 अक्टूबर-25 अक्टूबर | 360708 | 4406 |
26 अक्टूबर-1 नवंबर | 319366 | 3589 |
2 नवंबर-8 नवंबर | 324542 | 4011 |
देश में रविवार को 46 हजार 660 केस आए। 48 हजार 369 मरीज ठीक हुए और 490 मरीजों की मौत हो गई। देश में अब तक 85.53 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 79.15 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 1.26 लाख मरीजों की मौत हुई है और 5.09 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने रविवार को कहा कि अब महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। कोरोना के मामलों में गिरावट के चलते लॉकडाउन में छूट दी गई है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि कोरोना बिल्कुल समाप्त हो चुका है।
- रेलवे ने पश्चिम बंगाल में 11 नवंबर से सब अर्बन सर्विसेज शुरू करने का फैसला लिया है। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को बताया कि कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए रेलवे 696 सब अर्बन ट्रेनों को शुरू करेगा।