मुंबई:राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस को अब जाकर आभास हो रहा है कि साल 2019 में शिवसेना के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ना बड़ी लगती थी। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा अकेले चुनाव लड़ती तो 150 से ज्यादा सीटें लेकर आती और अकेले दम पर हम सरकार बनाती।
शुक्रवार को दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा सप्ताह वर्चुअल रैली का आयोजन किया गया था। भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए फडणवीस ने विधानसभा चुनाव से पहले भाऊ तोरसेकर की किताब का जिक्र किया। तोरसेकर ने किताब में लिखा है कि सन 2019 का विधानसभा चुनाव भाजपा अगर शिवसेना के साथ मिलकर लड़ती है तो दोनों मिलकर 200 से ज्यादा सीटें जीतेंगे और अगर भाजपा अकेले लड़ती है तो वह बहुमत से कहीं ज्यादा 150 सीटें जीत सकती है। उस वक्त हमने गलती की।
फडणवीस ने कहा कि हमारी बड़ी चूक हो गई कि हमने शिवसेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। यदि हम लोग शिवसेना के साथ गठबंधन नहीं करते तो भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 150 सीटें मिल जातीं। तोरसेकर ने मोदी के बारे में भी दो भविष्यवाणी की थीं, जो सच साबित हुईं। उन्होंने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने और साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 300 से ज्यादा सीटें मिलने की बात कही थी। उनकी दोनों भविष्यवाणियां सही साबित हुईं।