दुबई:इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनैशनल सीरीज खत्म हो गई है। इंग्लैंड ने सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। सीरीज का आखिरी टी20 इंटरनैशनल मैच मंगलवार को साउथम्पटन में खेला गया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट से जीता। सीरीज का पहले दो मैच जीतकर इंग्लैंड टी20 रैंकिंग में टॉप पर पहुंच गया था, लेकिन आखिरी मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर नंबर-1 टी20 टीम बन गई है। वहीं विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम तीसरे पायदान पर ही।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच के बाद आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग टेबल में बदलाव आया और नंबर-1 का ताज एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई टीम के सिर सज गया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 145 रन बनाए, जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19.3 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 146 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड की ओर से इस मैच में कप्तानी मोइन अली ने की, इयोन मोर्गन इस मैच में नहीं खेल सके। मिशेल मार्श को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि इंग्लैंड के जोस बटलर मैन ऑफ द सीरीज रहे। मिशेल ने 36 गेंद पर दो चौके और एक छक्के की मदद से नॉटआउट 39 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया।
एक नजर डालते हैं आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग पर-
पोजिशन | टीम | मैच | प्वॉइंट्स | रेटिंग |
1 | ऑस्ट्रेलिया | 22 | 6047 | 275 |
2 | इंग्लैंड | 22 | 5959 | 271 |
3 | भारत | 35 | 9319 | 266 |
4 | पाकिस्तान | 23 | 6009 | 261 |
5 | दक्षिण अफ्रीका | 17 | 4380 | 258 |
6 | न्यूजीलैंड | 23 | 5565 | 242 |
7 | श्रीलंका | 23 | 5293 | 230 |
8 | बांग्लादेश | 20 | 4583 | 229 |
9 | वेस्टइंडीज | 24 | 5499 | 229 |
10 | अफगानिस्तान | 17 | 3882 | 228 |