नई दिल्ली:भारतीय पहलवान बबीता फोगाट ने बुधवार को कहा कि राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम किसी प्रतिष्ठित खिलाड़ी के नाम पर रखा जाना चाहिए। बबीता ने ट्वीट किया कि खेल से जुड़े पुरस्कार किसी महान या सम्मानित खिलाड़ी के नाम पर होने चाहिए और किसी राजनेता के नाम पर नहीं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी खेल रत्न का नाम बदलकर किसी खिलाड़ी के नाम पर रखने के सुझाव आपको कैसा लगा।
संवाददाताओं ने जब इस मुद्दे पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी तो बबीता ने कहा कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम राजीव गांधी के नाम पर रखा गया है। इसकी जगह यह किसी खिलाड़ी के नाम पर होता तो अधिक उपयुक्त होता। उन्होंने कहा कि हमारे देश में इतने सारे ओलंपिक और विश्व चैंपियन हैं और खिलाड़ी भी पुरस्कार लेते हुए अधिक गौरवांवित और प्रेरित महसूस करेंगे अगर ये किसी प्रतिष्ठित खिलाड़ी के नाम पर होगा। खेल रत्न देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है और इसे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर रखा गया है।
कभी हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर होते हुए खेल कोटे से डीएसपी का पद मांगने वाली बबीता फोगाट को अब सरकार द्वारा खेल उपनिदेशक बनाया गया है। बबीता फोगाट कहती हैं कि भाजपा सरकार ने खिलाड़ियों को सम्मान दिया। इसी कड़ी में सीएम द्वारा खिलाड़ियों की भावनाओं को समझते हुए उन्हें उपनिदेशक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि खेल नीति में बदलाव लाना हो या फिर खिलाडिय़ों की समस्याओं का समाधान करवाना हो वह हमेशा तत्पर रहेंगी।