मुंबई:शुक्रवार को कारोबार के आखिरी दिन बीएसई और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। आज बीएसई 190.88 अंक नीचे और निफ्टी 65.5 पॉइंट की गिरावट के साथ खुला था। दिनभर की ट्रेडिंग के दौरान बीएसई 392.06 अंक तक और निफ्टी 125.15 पॉइंट तक नीचे गिर गया। हालांकि, बाजार के गिरने के बावजूद रियालंस इंडस्ट्रीज के शेयर रिकॉर्ड 2162.80 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।
कारोबार के अंत में बीएसई 11.57 अंक या 0.03% नीचे 38,128.90 पर और निफ्टी 21.30 पॉइंट या 0.19% नीचे 11,194.15 पर बंद हुआ। इससे पहले गुरुवार को बीएसई 268.95 अंक ऊपर 38,140.47 पर और निफ्टी 82.85 पॉइंट ऊपर 11,215.45 पर बंद हुआ था।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर का नया रिकॉर्ड
आज पहले घंटे की ट्रेडिंग के दौरान ही रिलांयस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के शेयर में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। कंपनी के शेयर 2162.80 के साथ अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। वहीं, कंपनी का मार्केट कैप 13.61 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया। आज रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर 2060 पर खुले। इससे पहले गुरुवार, 23 जुलाई की कंपनी के शेयर ने 2060.65 के स्तर पर पहुंचकर नया रिकॉर्ड बनाया था।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर बढ़ने का कारण: अमेजन डॉट कॉम मुकेश अंबानी की रिलायंस रिटेल में 9.9 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद सकती है। एक अंग्रेजी चैनल ने यह जानकारी दी है। मुकेश अंबानी ने हाल में एजीएम में इस तरह की जानकारी दी थी कि वे रिटेल में हिस्सेदारी बेचेंगे। यह ठीक उसी तर्ज पर है जैसे जियो प्लेटफॉर्म में फेसबुक ने सबसे पहले 9.9 प्रतिशत की हिस्सेदारी खरीद कर शुरुआत की थी।
बीएसई बैंकिंग सेक्टर के इन बैंक शेयरों में गिरावट
बैंक | गिरावट (%) |
एक्सिस बैंक | 3.32 % |
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया | 3.23 % |
ICICI बैंक | 2.66 % |
बंधन बैंक | 2.46 % |
कोटक बैंक | 1.77 % |
बीएसई पर करीब 56 फीसदी कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही
- बीएसई का मार्केट कैप 147 लाख करोड़ रुपए रहा
- 2,796 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 1,067 कंपनियों के शेयर बढ़त में 1,584 कंपनियों के शेयर में गिरावट रही
- 110 कंपनियों के शेयर 1 साल के उच्च स्तर और 57 कंपनियों के शेयर एक साल के निम्न स्तर पर रहे
- 286 कंपनियों के शेयर में अपर सर्किट और 253 कंपनियों के शेयर में लोअर सर्किट लगा
आज के टॉप-5 गेनर स्टॉक्स
कंपनी | LTP | बढ़त | बढ़त (%) |
एमफेसिस | 1118.70 | 138.95 | 14.18 |
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड | 1284.50 | 103.55 | 8.77 |
ग्रेन्यूल्स इंडिया | 303.20 | 22.90 | 8.17 |
दीपक नाइट्राइट | 593.55 | 42.40 | 7.69 |
आरती ड्रग्स | 1590.20 | 110.25 | 7.45 |
आज के टॉप-5 लूजर स्टॉक्स
कंपनी | LTP | गिरावट | गिरावट (%) |
यस बैंक | 13.65 | 1.10 | 7.46 |
डेन नेटवर्क | 97.25 | 5.10 | 4.98 |
फ्यूचर रिटेल लिमिटेड | 95.60 | 5.00 | 4.97 |
हैथवे केबल | 48.90 | 2.55 | 4.96 |
M&M फाइनेंशियल | 141.50 | 7.10 | 4.78 |
दुनियाभर के बाजार गिरावट के साथ बंद
गुरुवार को दुनियाभर के बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 1.31 फीसदी की गिरावट के साथ 353.51 अंक नीचे 26,652.30 पर बंद हुआ था। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 2.29 फीसदी गिरावट के साथ 244.71 अंक नीचे 10,461.40 पर बंद हुआ था। दूसरी तरफ, एसएंडपी 1.23 फीसदी गिरावट के साथ 40.36 पॉइंट नीचे 3,235.66 पर बंद हुआ था। चीन का शंघाई कंपोजिट 1.25 फीसदी गिरावट के साथ 41.68 अंक नीचे 3,283.43पर बंद हुआ था। इधर इटली, जर्मनी और फ्रांस के बाजार में भी गिरावट रही।
कोरोना से देश और दुनिया में मौतें
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12,88,130 हो गई है। इनमें 4,39,124 की रिपोर्ट पॉजीटिव है। वहीं 8,17,944 संक्रमित ठीक हो गए हैं। देश में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 30,645 हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के अनुसार हैं। दूसरी तरफ, दुनियाभर में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 15,651,898 हो चुकी है। इनमें 636,470 की मौत हो चुकी है। अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 147,333 हो चुकी है।