मुंबई:सुशांत सिंह राजपूत मामले में मुंबई पुलिस की जांच जारी है। हाल ही में उन्होंने 3 सायकायट्रिस्ट्स के बयान दर्ज किए। मुंबई पुलिस के मुताबिक सुशांत सिंह नवंबर 2019 के बाद से डिप्रेशन का ट्रीटमेंट करा रहे थे। अब खबर आ रही है कि सुशांत बाइपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे थे। एक सायकायट्रिस्ट के मुताबिक सुशांत काफी स्ट्रेस में थे। लेकिन उनके स्ट्रेस की वजह क्या थी, इसका जवाब कोई भी डॉक्टर नहीं दे पाया।
इसी बीच कंगना ने साइकायट्रिस्ट पर सवाल उठाया है। कंगना की टीम के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया, ‘अचानक मुंबई पुलिस की तरफ से कई रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं, जिनमें उन्होंने सुशांत को मानसिक तौर पर बीमार कहा है। कई सायकायट्रिस्ट्स ने ऐसा दावा किया है जिनसे सुशांत कभी-कभार मिले थे। वाह, क्या वे इसे साबित कर सकते हैं? क्या किसी भी मेडिकल हिस्ट्री को सामने लाना कानून के खिलाफ नहीं है?’
खबरें ऐसी भी आ रही हैं कि सुशांत सिंह राजपूत को अपने डॉक्टर्स पर भी विश्वास नहीं था। वह दो से तीन बार एक डॉक्टर से मिलते थे और फिर एक नए डॉक्टर के पास अपना रुख कर लेते थे। आखिरी बार उन्होंने जिस डॉक्टर से अपना इलाज करवाया था वह उन्हें बाइपोलर डिसऑर्डर का ट्रीटमेंट दे रहे थे। सुशांत सिंह का इलाज कर रहे लगभग सभी डॉक्टर्स का कहना है कि एक्टर सही समय पर अपनी दवाइयां नहीं ले रहे थे।
बता दें कि मंगलवार को फिल्म समीक्षक राजीव मसंद को सुशांत मामले में पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया। दोपहर को वह बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस जांच में सहयोग किया और अपना बयान दर्ज करवा रहे हैं।