श्रावण मास भगवान शिव का प्रिय मास माना जाता है। इस माह समस्त वातावरण भगवान शिव की भक्ति में रम जाता है। इस पवित्र माह में हर तरफ सकारात्मक शक्ति का प्रवाह होता है। श्रावण माह को लेकर वास्तु में कुछ उपाय भी बताए गए हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
सावन माह में प्रतिदिन गाय या बैल को हरा चारा खिलाएं। जरूरतमंदों को भोजन कराएं। इससे घर में कभी अन्न की कमी नहीं होगी। घर में तुलसी स्थापित करने के लिए सावन माह सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। इस माह घर में पौधे अवश्य लगाएं। ऐसा करने से घर में खुशियां आती हैं। श्रावण माह में घर की पूर्व दिशा में भगवान शिव एवं माता पार्वती की मूर्ति या तस्वीर लगाएं। इससे घर से क्लेश दूर हो जाते हैं। इस माह रूद्राक्ष को धारण करें। इससे मानसिक शांति प्राप्त होती है और शरीर निरोगी होता है। सावन में उपवास रखने या एक वक्त भोजन करने की विशेष मान्यता है। ऐसा करने से पापों का नाश होता है और आध्यात्म में रुचि बढ़ती है। घर के रसोईघर में गंगाजल लाकर रखें। चांदी या तांबे का त्रिशूल घर के हॉल में रखें। इससे नकारात्मक ऊर्जा घर से दूर रहेगी। डमरू को बच्चों के कमरे में रखें। ऐसा करने से बच्चों को किसी प्रकार का भय नहीं रहेगा। चांदी या तांबे के बने नंदी तिजोरी में रखें। चांदी या तांबे का नाग लाकर घर के मुख्य दरवाजे पर रखें। ऐसा करने से सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो जाएंगे।
इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं तथा इन्हें अपनाने से अपेक्षित परिणाम मिलेगा। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।