मुंबई: आज सुबह हरे निशान में खुले भारतीय शेयर बाजार अंतिम एक घंटे में बिकवाली के कारण गिरकर लाल निशान में बंद हुए। बीएसई 45.72 अंक गिरकर 34,915.80 अंकों पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 5.20 पॉइंट लुढ़ककर 10,307.20 पर बंद हुआ। इस बिकवाली के कारण बीएसई-30 में 17 कंपिनयों के शेयर लाल निशान में बंद हुए। सुबह के कारोबारी सत्र में बीएसई-30 में 27 कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। बीएसई-30 में पावर ग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा 2.08 फीसदी गिरकर बंद हुए। वहीं नेस्ले इंडिया 2.63 फीसदी के साथ टॉप गेनर रही। बीएसई में हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा 199.70 अंकों की गिरावट रही।
सोमवार को भी भारतीय बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई ) 209 अंकों की गिरावट के साथ 34.961.52 अंकों पर बंद हुआ था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 70 पॉइंट लुढ़ककर 10,312.40 अंकों पर बंद हुआ था।
बीएसई में बैंकिंग सेक्टर के शेयरों का हाल
बैंक | बदलाव (% में) |
आईसीआईसीआई बैंक | 2.42 |
एक्सिस बैंक | 0.43 |
सिटी यूनियन बैंक | 0.25 |
आरबीएल बैंक | -3.35 |
इंडसइंड बैंक | -1.12 |
एचडीएफसी बैंक | -0.99 |
फेडरल बैंक | -0.97 |
एसबीआई | -0.50 |
कोटक महिंद्रा बैंक | -0.29 |
बीएसई में करीब 50 फीसदी कंपनियों के शेयरों में गिरावट
- बीएसई का मार्केट कैप 139 लाख करोड़ रुपए रहा।
- कुल 2900 कंपनियों में कारोबार हुआ। इसमें 1288 हरे निशान में और 1474 लाल निशान में रहीं। 138 के शेयरों में कोई बदलाव नहीं।
- 132 कंपनियों के शेयरों ने 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर को पार किया।
- 63 कंपनियां अपने 52 सप्ताह के निचले स्तर तक लुढ़कीं।
- 490 शेयरों में अपर सर्किट लगा।
- 265 शेयरों में लोअर सर्किट लगा।
सोमवार को दुनियाभर के बाजारों में रही बढ़त
सोमवार को दुनियाभर के बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। अमेरिका का डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 580.25 अंक बढ़कर 25,595.80 अंक पर जाकर बंद हुआ। अमेरिका के अन्य बाजार एसएंडपी 500 इंडेक्स 44.19 पॉइंट बढ़कर 3053.24 पर बंद हुई। नैस्डेक 116.93 अंकों की तेजी के साथ 9874.15 अंकों की तेजी के साथ बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोस्ट 11.51 अंकों की तेजी के साथ 2,973.03 अंकों पर बंद हुआ। ताइवान, हॉन्गकॉन्ग, जकार्ता, जापान समेत अधिकांश एशियाई शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए।
अनलॉक-2 की गाइडलाइन जारी
अनलॉक-1 के बाद केंद्र सरकार ने अनलॉक-2 की गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। इंटरनेशनल फ्लाइट्स या स्कूल-कॉलेजों को अनलॉक के दूसरे फेज में बंद ही रखने का फैसला लिया गया है। गाइडलाइंस के मुताबिक, केंद्र और राज्य सरकारों के ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट्स 15 जुलाई से स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के साथ खुल सकेंगे। अलग-अलग इलाकों के हिसाब से दुकानों पर एक वक्त में 5 से ज्यादा लोगों को एंट्री दी जा सकेगी। हालांकि, इसमें जगह के मुताबिक सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना होगा। नाइट कर्फ्यू में एक और घंटे की ढील दी गई है। अनलॉक-2 में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक घर से बाहर नहीं निकल सकेंगे। यानी रात को एक घंटे ज्यादा बाहर रह सकेंगे। इस बार जरूरी सेवाओं के अलावा कंपनियों में शिफ्टों में काम करने वालों, नेशनल और स्टेट हाईवे पर सामान ले जाने वाली गाड़ियों, कार्गो की लोडिंग और अनलोडिंग को नाइट कर्फ्यू में छूट दी गई है।
देश और दुनिया में कोरोना से मौतें
भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देश में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 5,67,536 पर पहुंच गई है। इसमें से 3,35,271 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं 16,904 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़े covid19india.org के अनुसार हैं। दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10,408,433 पर पहुंच गई है। इसमें से 56,64,407 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,08,078 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में कोरोना संक्रमितों की संख्या 26,81,811 पर पहुंच गई है, जबकि 1,28,783 लोगों की मौत हो चुकी है।