मुंबई:एक्ट्रेस कंगना रनौत ने जबसे करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में नेपोटिज्म पर खुलकर बात की है, तभी से यह चर्चा का विषय बना हुआ है। सभी सेलेब्स सामने आकर इसपर अपनी राय रख रहे हैं। ऐसे में हाल ही में प्रियंका चोपड़ा का इसपर बयान सामने आया है। कई लोग प्रियंका की राय से सहमत हैं तो कई का कहना है कि स्टार किड होने से फर्क नहीं पड़ता। अगर आपके अंदर टैलेंट है तो आप सक्सेसफुल हो सकते हैं।
प्रियंका चोपड़ा कहती हैं, ‘इंडस्ट्री में हर तरह का नेपोटिज्म है। और मुझे नहीं लगता कि एक फिल्मी परिवार में अगर आपका जन्म हुआ है तो यह कोई गलत बात है।’ प्रियंका अपनी बॉलीवुड जर्नी पर बात करते हुए कहती हैं कि मैंने भी बहुत बार नेपोटिज्म को झेला है। उसे फेस किया है। मुझे कई बार फिल्मों से निकाला गया है क्योंकि उनसे किसी और के नाम की सिफारिश की गई है। लेकिन मैं इस नेपोटिज्म से बाहर निकली। मुझे फेल होने का डर नहीं था। चीजों को पाने के लिए मैंने मेहनत की, खुद को ट्रेन किया। खुद के लिए चीजें तय कीं, जो मुझे जिंदगी में पानी थीं। मैं जानती थी कि दुनिया में कुछ भी फ्री में नहीं मिलता है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा हाल ही में शोनाली बोस की फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ में नजर आई थीं। इसमें वह फरहान अख्तर के साथ मुख्य भूमिका में थीं। अब प्रियंका चोपड़ा की अगली फिल्म राजकुमार राव के साथ है। इसका नाम ‘द व्हाइट टाइगर’ है। दोनों के बीच ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री जबरदस्त नजर आने वाली है।