नई दिल्ली:एक डॉक्टर की आत्महत्या केस में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक और उनके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी साउथ अतुल ठाकुर ने बताया कि पूछताछ के बाद देवली से आप के विधायक प्रकाश जारवाल और उनके सहयोगी कपिल नागर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन पर डॉक्टर राजेंद्र भाटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
इससे पहले जारवाल को दिल्ली पुलिस पूछताछ के लिए दो बार बुला चुकी थी। दोनों बार प्रकाश जारवाल दिल्ली पुलिस के सामने पेश नहीं हुए जिसके बाद विधायक प्रकाश जारवाल और उनके सहयोगी कपिल नागर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
दक्षिणी दिल्ली के दुर्गा विहार में 52 वर्षीय डॉक्टर राजेंद्र भाटी ने 18 अप्रैल को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। डॉक्टर ने सुसाइड नोट में आत्महत्या के लिए देवली से विधायक प्रकाश जारवाल को जिम्मेदार ठहराया था। डॉक्टर ने खुदकुशी नोट में लिखा था कि विधायक और उसके साथियों ने उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया। मृतक डॉक्टर ने जारवाल और उनके सहयोगी पर लगातार धमकी देने का आरोप लगाया था।
नेबसराय थाने में विधायक प्रकाश जारवाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। शनिवार को पुलिस ने विधायक से पूछताछ की। इससे पहले उनके पिता और दो भाइयों से भी पूछताछ की थी।
पुलिस पूछताछ से पहले आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जारवाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा, ”मुझ पर लगे सभी आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं। जिस व्यक्ति ने आत्महत्या की उससे मैंने एक साल से बात नहीं की थी।”