मुंबई:एक महिला ने मुंबई में पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति ने कथित तौर पर कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान उन्हें तलाक दे दिया। 27 वर्षीय महिला ने दावा किया कि उसके ससुरालवालों ने उस पर दबाव बनाया कि वह अपने माता-पिता के साथ चली जाए। हालांकि, उसकी बहन ने इस मामले को सुलझाने के लिए अपने पति को कॉल किया। तीन लोगों के बीच फोन पर बात चल ही रही थी कि पीड़ित महिला को उसके पति ने तलाक दे दिया।
समता नगर पुलिस के मुताबिक, महिला फिलहाल कांदिवली (ईस्ट) में अपने माता-पिता के साथ रहती हैं। उनकी शादी अप्रैल 2018 में हुई थी। शादी के बाद वह लड़के और उसके परिवारवालों के साथ कालाम्बोली चली गई थीं।
‘खूब दहेज दिया, फिर…’
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है, ‘ससुरालवालों की मांग के मुताबिक उनके पिता ने लड़के को गाड़ी और राडो वॉच दी थी। शादी के कुछ महीने बाद उन्होंने मुझसे पैसे मांगने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला ने इस बात का भी दावा किया कि मानसिक और शारीरिक तनाव की वजह से उनका गर्भपात हो गया।’ महिला ने यह भी कहा कि इस गर्भपात का कारण ससुरालवालों ने उन्हें ही ठहरा दिया और कहा कि अपने घरवालों से पैसे मांगो। महिला दिसंबर 2018 में फिर से गर्भवती हुईं और फिर से उनका गर्भपात हो गया।
माता-पिता के साथ लौट गई पीड़िता
अधिकारी ने कहा, ‘बाद में पीड़ित को इस बात का पता चला कि उसके पति के खिलाफ कालाम्बोली, मुंब्रा और मानखुर्द पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। लगातार ससुरालवालों के शोषण का शिकार बन रही महिला को मजबूरन अपने माता-पिता के साथ पिछले वर्ष अप्रैल महीने में लौटना पड़ा।’