नई दिल्ली: महरौली विधानसभा से जीते आप विधायक नरेश यादव के काफिले पर मंगलवार रात करीब 11 बजे फायरिंग हुई। घटना में नरेश यादव बाल-बाल बच गए। लेकिन, एक समर्थक की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना किशनगढ़ इलाके में एक रेड लाइट पर हुई। जब नरेश यादव मंदिर से दर्शन करने लौट रहे थे, तभी एक युवक ने पीछे से आकर 2 राउंड फायरिंग की।
हमलावर के निशाने पर अशोक ही था : पुलिस
पुलिस ने कहा कि घटना के दौरान गाड़ी में विधायक नरेश यादव के साथ मौजूद समर्थक अशोक मान और हरेंद्र को गोली लगी। अशोक की मौत हो गई, जबकि घायल हरेन्द्र अस्पताल में भर्ती है। हमलावर भागने में कामयाब रहा। पुलिस अंदेशा जताया कि हमलावर के निशाने पर अशोक ही था। ये रंजिश का मामला हो सकता है।