जागीताल। तेलंगाना के जागीताल जिले में कोंडागाट्टु घाट क्षेत्र में मंगलवार को राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस गहरी खाई में गिर गई जिसमें 36 महिलाओं और पांच बच्चों समेत 57 लोगों की मौत हो गई तथा 30 अन्य घायल हो गये।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, राज्यपाल ई एस एल नरासिम्हन, राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह बस क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर शनिवारमपेटा से कोंडागाट्टु होकर जागीताल आ रही थी कि रास्ते में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में मारे गए अधिकांश लोग पेद्दापल्ली जिले के रामपल्ली शहर के निवासी थे।
घायलों को जागीताल के अस्पताल के अलावा करीमनगर और हैदराबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बस में 87 यात्री सवार थे। हादसे में बस के चालक श्रीनिवास (51) की भी मौत हो गयी है।
राज्य सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रूपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
2018-09-12