रांची:अपने पहले प्रचार दौरे पर झारखंड पहुंची प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर आदिवासियों की जमीन छीनकर चहेते उद्योगपतियों को देने का आरोप लगाया है। साहेबगंज जिले के बरहड़वा में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- भाजपा सरकार प्रचार में सुपर हीरो है, लेकिन काम में सुपर जीरो है।
प्रियंका बोलीं- ये झरने तालाब जमीन आपके है। आप शांति प्रिय हैं, लेकिन, जब आपके सम्मान की बात आती है, तो आप शांत नहीं रहते। यह आपको सिद्धो और कान्हो ने सिखाया है, उनको मेरा नमन। जब से भाजपा की सरकार आपके प्रदेश में आई, तब से आपकी आत्मा पर हमला किया गया है। भाजपा को जंगल के हजारों रंग नहीं दिखते। यह आपकी आदिवासी संस्कृति को बर्बाद करते हैं। जो कानून आपकी संस्कृति बचाने के लिए बनाए गए । उन कानूनों को हटाने के लिए भाजपा ने पूरी कोशिश की। इसी संघर्ष में इंदिरा गांधी हमेशा जल जंगल जमीन पर आदिवासियों के अधिकार बचाने में लगी रहीं।
राहुल गांधी 5 जनसभा को कर चुके हैं जनसभा को संबोधित
प्रियंका पहली बार झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए आ रही हैं, जबकि उनके भाई राहुल गांधी चुनाव प्रचार के लिए तीन बार झारखंड आ चुके हैं। तीन दौरों में राहुल 5 जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। राहुल ने 12 दिसंबर को महगामा-राजमहल, 9 दिसंबर को बड़कागांव-बीआईटी मेसरा और 2 दिसंबर को सिमडेगा में चुनावी सभा को संबोधित कर गठबंधन प्रत्याशियों के लिए वोट अपील की थी।
पाकुड़ में है सीधा मुकाबला
पाकुड़ विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। इस विधानसभा सीट से भाजपा ने बेनी प्रसाद गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने आलमगीर आलम पर एक बार फिर भरोसा जताया है। 2000 के चुनाव में भाजपा के बेनी गुप्ता को आलमगीर आलम ने हराया था। अलमगीर 2005 में भी इस सीट से विधायक बने थे। 2009 के चुनाव में उन्हें झामुमो के अकील अख्तर से मात खानी पड़ी। 2014 के चुनाव में आलमगीर ने अकील को हराकर पुन: सीट पर कब्जा किया।
20 दिसंबर को इन 16 सीटों पर मतदान होगा
राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महगामा। 2014 विधानसभा चुनाव में इन 16 सीटों में से छह पर झामुमो, पांच पर भाजपा, तीन पर कांग्रेस और दो पर जेवीएम प्रत्याशी जीते थे। बरहेट से भाजपा ने सिमोन मालतो को प्रत्याशी बनाया है, झामुमो ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हेमंत सोरेन को मैदान में उतारा।
20 दिसंबर को पांचवें और अंतिम चरण के तहत 16 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।