नई दिल्ली: नागरिकता कानून (कैब) के विरोध में मंगलवार को सीलमपुर और जाफराबाद इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव और आगजनी की। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। हालात देखते हुए 5 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए। इससे पहले पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और जामिया इलाके में हुए हिंसक प्रदर्शन पर जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सभी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। पुलिस ने कहा कि किसी भी छात्र को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
जामिया में रविवार हुई पुलिस की कार्रवाई की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने निंदा की है। उन्होंने इस मामले को लेकर विपक्ष के प्रतिनिधिमंडल के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।
असम में कर्फ्यू में छूट, कई जगहों पर प्रदर्शन हुए
असम में प्रशासन ने उपद्रव रोकने के लिए कर्फ्यू लगाया है। इस दौरान कई जिलों में बड़ी तादाद में नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन हुए। हालांकि, डिब्रूगढ़ समेत कई जिलों में कर्फ्यू में ढील दी गई है। ऑल असम स्टूडेंट यूनियन (आसू) ने सत्याग्रह किया। इसमें छात्रों के अलावा नागरिक भी शामिल हुए। संगठन ने कहा, “सरकार यह सोचती है कि 2-3 दिन में प्रदर्शन और आंदोलन खत्म हो जाएंगे। यह गलत है। जब तक नागरिकता कानून वापस नहीं लिया जाता, हम नहीं रुकेंगे।”
केरल: 30 इस्लामिक-राजनीतिक दलों ने बंद बुलाया
केरल के तिरुवनंतपुरम में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मंगलवार को 30 इस्लामिक-राजनीतिक दलों ने सुबह से शाम तक हड़ताल बुलाई है। इस दौरान सरकारी बसों पर पथराव की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा पलक्कड़, वायनाड, कोझिकोड और कोच्चि में भी बसों पर पथराव हुआ।
उत्तर प्रदेश में हिंसा के बाद 5 जिलों में इंटरनेट बंद, योगी ने अफसरों के साथ बैठक की
उत्तर प्रदेश में उपद्रव रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुलिस अफसरों से चर्चा की। योगी ने दंगाइयों से निपटने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा। उत्तर प्रदेश के दो विश्वविद्यालयों में स्थिति भड़कने के बाद पांच जिलों- सहारनपुर, मेरठ, अलीगढ़, मऊ और कासगंज में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। मऊ में सोमवार रात उपद्रवियों ने दक्षिणटोला पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ की और 15 वाहनों में आग लगा दी थी।
इलाहाबाद, बरेली और रामपुर में भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। उत्तर प्रदेश के शामली के पास कैराना में एसपी विनीत जयसवाल ने मदरसों का दौरा किया और छात्रों से शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए कहा। मुजफ्फरनगर में कलेक्टर और एसपी ने फ्लैग मार्च निकाला और शांति वार्ता रखी।