पंकज श्रीवास्तव/पटना। बिहार के बक्सर में युवती की मौत के बाद जलाने के मामले ने पुलिस खुलासे के बाद अलग ही मोड़ ले लिया है। बिहार पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया है कि नव विवाहिता के फौजी पिता ने ही उसे गोली मारी और लाश की पहचान छिपाने के लिए जला दिया था।
बताते चलें कि पिछले दिनों हैदराबाद के एक महिला डाक्टर के संग चार युवाओं ने दुष्कर्म किया और उसकी हत्या की घटना से पूरा हिन्दुस्तान उबाल पड़ा। अभी ये उबाल ठंडा भी नहीं पड़ा था कि बिहार के बक्सर जिला के इटाढ़ी थाना के कुकुढ़ा गाँव के खेत में एक नव विवाहिता की अधजली लाश बरामद हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट बता रही थी कि उसकी खोपड़ी में गोली मारी गयी फिर निर्मम तरीके से उसे जला दिया गया था। महज घुटने के नीचे का थोड़ा सा पैर बचा हुआ था। जिसमें उसने गुलाबी रंग की सैंडल पहनी थी। मौके से पुलिस ने बिछिया बरामद की थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा था। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की भी आशंका जताई थी।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों बिहार के कानून-व्यवस्था पर विपक्ष लगातार हमलावर है। बिहार से प्रकाशित अखबार इन दिनों आपराधिक गतिविधियों से भरे पड़े रहते हैं। मामला विपक्ष के लिए इस वजह से और अहम था कि मौजूदा पुलिस प्रमुख (डीजीपी) गुप्तेश्वर पांडे का ये गृह-जिला भी है। बहरहाल बिहार पुलिस ने आज इस कांड का उद्भेदन कर दिया है। पुलिस की माने तो नव विवाहिता के फौजी पिता ने ही उसे गोली मारी और लाश की पहचान छिपाने के लिए जला दिया था। शहाबाद डीआईजी राकेश राठी ने मीडिया से बताया कि अब तक की जाँच से यह सबूत मिला है कि युवती भभुआ के दिनारा की रहने वाली थी। उसकी शादी एक वर्ष पूर्व बक्सर के डुमरांव में हुई थी। शादी के बाद वो अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयी थी। पिता ने लोकलाज का परवाह करते हुए अपनी छोटी बेटी से दमाद की शादी कर दी थी। खबरों के मुताबिक दिनारा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि उनके क्षेत्र से निम्न मध्यमवर्गीय परिवार से एक नवविवाहिता गायब है।
इस सूचना के बाद पुलिस हरकत में आयी और मामले की तहकीकात में जुट गई। दिनारा पुलिस मृतका के घर पहुँची और उसके भाई को हिरासत में लिया। उसने पूछताछ में बताया कि उसकी एक बहन शादी के बाद से ही लापता थी। जिसकी तलाश में उसके पिता रहते थे। पुलिस ने उसके बाद मृतका के माँ को भी हिरासत में लिया। मामले की कड़ी मिलते ही दिनारा पुलिस ने बक्सर पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। बक्सर पुलिस ने मृतका की छोटी बहन जो मृतका से पति से ब्याही गयी थी। उसे मृतका की सैंडल और बिछिया दिखाई। जिसे उसने पहचान लिया। खबर लिखे जाने तक मृतका का पिता फरार है। वह रिटायर्ड आर्मी मैन बताया जा रहा है। पुलिस उसी ही इस हत्याकांड का अभियुक्त मान रही है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है। परिवार वालों ने पुलिस को बताया है कि विवाहित बेटी के प्रेमी के साथ फरार हो जाने का गहरा सदमा पिता को लगा था। उसके बाद से वह कई बार कहता था कि उसे नहीं छोड़ेंगे।
बक्सर में हुई युवती की मौत और जलाने का मामला ऑनर किलिंग हैः बिहार पुलिस
Leave a comment
Leave a comment