पुणे: भारत ने पुणे में खेले गए तीन टेस्ट की सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को पारी और 137 रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। पारी के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह सबसे बड़ी जीत है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पिछली बार 2010 में पारी और 57 रन से हराया था। साथ ही टीम इंडिया की घरेलू मैदान पर ये लगातार 11वीं सीरीज जीत है। पिछली बार उसे 2012 में इंग्लैंड ने हराया था। पहली पारी में नाबाद 254 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।
मैच में भारत ने पहली पारी में 5 विकेट पर 601 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका पहली पारी में 275 पर ऑलआउट हुई। फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में अफ्रीकी टीम 189 रन ही बना सकी। दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी मैच 19 अक्टूबर से रांची में होगा। पहला टेस्ट भारत 203 रन से जीता था।
कोहली ने अजहर की बराबरी की
कोहली की कप्तानी भारत की पारी से ये आठवीं जीत हैं। इस मामले में उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी कर ली। उनसे आगे सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी (9) हैं। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की टीम फरवरी 2010 के बाद पहली बार भारत के खिलाफ पारी से हारी। तब टीम इंडिया ने कोलकाता में उसे पारी और 57 रन से हराया था।
कोहली 50 टेस्ट में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले तीसरे कप्तान
कप्तान | देश | जीत |
स्टीव वॉ | ऑस्ट्रेलिया | 37 |
रिकी पोंटिंग | ऑस्ट्रेलिया | 35 |
विराट कोहली | भारत | 30 |
विवियन रिचर्ड्स | वेस्टइंडीज | 27 |