मुंबई: अभिनेता संजय दत्त फिर एक बार राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री महादेव जानकर का दावा है कि संजय 25 सितंबर को उनकी पार्टी राष्ट्रीय समाज पक्ष (रासप) में शामिल होंगे। महादेव रासप के संस्थापक भी हैं। संजय इससे पहले समाजवादी पार्टी का हिस्सा रह चुके हैं।
रासप महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी पार्टी है। पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री महादेव जानकर ने रविवार को पार्टी के एक कार्यक्रम घोषणा की- हमने अपनी पार्टी के विस्तार के लिए सिनेमा जगत में काम करना शुरू किया है। संजय भी 25 सितंबर को हमारी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
सपा भी जॉइन की थी
संजय 2009 में समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर लखनऊ लोकसभा चुनावी मैदान में उतरे थे, लेकिन अदालत द्वारा शस्त्र अधिनियम के तहत उनकी सजा को निलंबित करने से इनकार करने के बाद वह पीछे हट गए थे। संजय सपा के महासचिव भी रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बहन और कांग्रेस प्रत्याशी प्रिया के लिए मुंबई में चुनाव प्रचार किया था।
यरवदा जेल में सजा काटी
संजय 1993 बम धमाके में आर्म्स एक्ट के तहत दोषी पाए थे। मार्च 2013 में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 5 साल की सजा सुनाई थी। 18 महीने की सजा वे पहले ही काट चुके थे। उन्हें साढ़े तीन साल की सजा और काटनी थी, लेकिन पुणे की यरवदा जेल में करीब 2 साल 9 महीने की सजा पूरी करने के बाद उनकी रिहाई का आदेश दे दिया गया। 25 फरवरी 2016 को संजय जेल से बाहर आए।