कोलकाता: पश्चिम बंगाल की दुर्गा पूजा समितियों को आयकर विभाग ने नोटिस भेजा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गा समितियों से टैक्स वसूलने पर केंद्र सरकार की आलोचना की। तृणमूल प्रमुख ममता ने कहा है कि वे 13 अगस्त को केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगी।
ममता ने ट्वीट किया, ‘‘आयकर विभाग ने दुर्गा पूजा आयोजित करने वाली कई समितियों को टैक्स के भुगतान के लिए नोटिस भेजा है। हमें अपने सभी राष्ट्रीय त्योहारों पर गर्व है। यह त्योहार सभी के लिए होते हैं। हम नहीं चाहते कि किसी भी पूजा त्योहार पर टैक्स लगाया जाए। यह आयोजकों पर अतिरिक्त भार होगा।’’
ममता ने लोगों से धरना में शामिल होने की अपील की
तृणमूल प्रमुख ने ट्वीट किया, ‘‘बंगाल सरकार ने गंगा सागर मेला पर लगे सभी टैक्स को हटा लिया था। हम विरोध और मांग करेंगे कि दुर्गा पूजा और दुर्गा पूजा समितियों पर कोई टैक्स न लगाया जाए।’’ ममता ने लोगों से धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील भी की।
प्रताड़ित करने का यह उनका दूसरा तरीका: ममता
इससे पहले भी ममता ने 23 जुलाई को कहा था, ‘‘पूजा समितियों को इनकम टैक्स के दायरे में लाने का फैसला सही नहीं है, मैं इसकी निंदा करती हूं। मुझे यह बताते हुए दुख हो रहा है कि प्रताड़ित करने का यह उनका दूसरा तरीका है। चुनाव के दौरान वे (भाजपा) हिंदू धर्म की बात करने के साथ दुर्गा पूजा समितियों से टैक्स वसूलने लगते हैं। दुर्गा पूजा हिंदूओं का बड़ा त्योहार है।’’
दुर्गा पूजा समितियों से टैक्स वसूलने के खिलाफ 13 को धरना देंगी ममता, कहा- त्योहार सभी के लिए
Leave a comment
Leave a comment