अच्छी नींद की चाहत हर व्यक्ति की होती है और यह इंसान के लिए जरूरी भी है। एक नए अध्ययन में यह बात सामने आई है कि महज एक सामान्य प्रक्रिया के जरिये आप अपनी नींद की गुणवत्ता को बढ़ा सकते हैं। विज्ञान पत्रिका ‘स्लीप मेडिसिन रिव्यूज’ में प्रकाशित एक अध्ययन रिपोर्ट में बताया गया है कि सोने से करीब एक से दो घंटे पहले 40-42 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले गुनगुने पानी से स्नान करने से नींद की गुणवत्ता में उल्लेखनीय रूप से सुधार देखा गया है।
इस अध्ययन रिपोर्ट के प्रमुख लेखक शहाब का कहना है, ‘जब हमने अब तक के सभी ज्ञात अध्ययनों की पड़ताल की तो पाया कि इनके प्राप्त तथ्यों में और उन्हें समझने के तरीकों में व्यापक असमानताएं हैं।’ शोधकर्ताओं ने लगभग 5,322 अध्ययनों का विश्लेषण किया जिसमें अनेक सूचनाओं को शामिल किया गया। इसमें मुख्य रूप से यह शामिल रहा कि पानी और तापमान का हमारी नींद से किस प्रकार का संबंध है।
इन सभी अध्ययनों के व्यापक विश्लेषण से पाया गया कि 104 से 109 डिग्री फारेनहाइट तापमान वाले पानी से नहाने से अच्छी नींद आती है। इतना ही नहीं, बिस्तर पर जाने से एक से दो घंटे पहले यदि आप स्नान करते हैं तो बिस्तर पर जाते ही आप नींद के आगोश में आ सकते हैं, यानी औसतन 10 मिनट में आपको नींद आने की संभावना रहती है।
दरअसल शरीर का तापमान नींद के चक्र को प्रभावित करता है जो सर्केडियन (शरीर के भीतर की एक प्रकार की घड़ी) चक्र को प्रदर्शित करता है। औसत व्यक्ति के सर्केडियन चक्र को सोने से एक घंटे पहले उसके समग्र शरीर के तापमान में आने वाली करीब आधे से एक डिग्री फारेनहाइट तक की कमी के रूप में व्याख्यायित किया जाता है। निद्रा में होने की मध्यावधि में यानी जब हम गहरी नींद में होते हैं उस दौरान यह तापमान और भी कम हो जाता है। इस वक्त हमारे शरीर के तापमान का स्तर न्यूनतम होता है। फिर यह बढ़ने लगता है जो एक प्रकार से एक ऐसे जैविक अलार्म का काम करता है जो हमें जागने का संकेत देता है।
तापमान चक्र हमारी नींद के चक्र का प्रतिनिधित्व करता है और अच्छी नींद में एक जरूरी तत्व की भूमिका निभाता है। गुनगुने पानी से स्नान करने पर शरीर के थर्मोरेगुलेटरी सिस्टम द्वारा यह दर्शाया गया कि शरीर में समुचित रूप से रक्त का प्रवाह बढ़ता है जिससे शरीर से पर्याप्त ताप निकल जाता है और शरीर के तापमान में कमी आती है।
आजमाएं यह आसान उपाय, बिस्तर पर जाते ही महज 10 मिनट में आ जाएगी अच्छी नींद
Leave a comment
Leave a comment