कन्नड़ स्टार यश की फ़िल्म ‘ के जी एफ ‘ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। इस एक्शन फ़िल्म की सफलता ने एक बार फिर पूरी दुनिया में कन्नड़ फिल्मों की जबरदस्त उपस्थिति दर्ज करायी है। इससे उत्साहित होकर नए निर्माता के वी शबरिष ने कन्नड़ की फीमेल स्टार पूजा गांधी को लेकर ‘ संहारिणी ‘ बनाया है जिसमें पूजा एक्शन अवतार में नज़र आएंगी। फ़िल्म में खास बात यह है कि बॉलीवुड के विलेन राहुल देव, रवि काले और हैरी जोश इसके मुख्य आकर्षण होंगे।
फ़िल्म का निर्देशन के जवाहर ने किया है तथा 2 एम सिनेमाज के बैनर पर निर्माण किया गया है।
बता दें कि फ़िल्म ‘ दंदुपलया ‘ की सफलता के बाद एक लंबा ब्रेक लेकर पूजा गांधी फिर से अभिनय के मैदान में उतरी है। उन्हें फ़िल्म की कहानी बहुत पसंद आयी और इस रोमांचक फ़िल्म के लिए हामी भरने में एक पल की भी देरी नहीं की। फ़िल्म में उनके साथ किशोर, सचिन और अरुण की भी मुख्य भूमिका है।
इस फ़िल्म का हैरतअंगेज एक्शन मास मेधा ने तैयार किया है और एन एस राजेश कुमार ने बखूबी कैमरे में कैद किया है। संहारिणी के लिए नागेंद्र प्रसाद के लिखे गीतों को वी 2 ने संगीत से सजाया है तथा फ़िल्म का संपादन अकील ने किया है। फ़िल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
- संतोष साहू