मुम्बई। लंबे अरसे से मुम्बई कांग्रेस अध्यक्ष पद पर काबिज संजय निरुपम को आखिर पार्टी ने पद से हटा दिया है। उनकी जगह पर यह जिम्मेदारी दक्षिण मुम्बई के पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा को दी गयी है। निरुपम को उत्तर पश्चिम मुम्बई लोकसभा क्षेत्र से टिकट देकर उन्हें खुश करने की कोशिश की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मुम्बई में संजय निरुपम को लेकर पार्टी में काफी समय से नाराजगी चल रही थी, जिसके चलते लोकसभा चुनावों में भारी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही थी। इसे लेकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलेआम दिखने लगी थी। हाल में मुम्बई में लोकसभा की सीटों पर गुटबाज़ी के चलते कांग्रेस के हारने की खबर ‘सुरभि सलोनी’ के प्रिंट एडिशन में भी प्रकाशित हुई थी, जिसमें पूरा विश्लेषण किया गया था।
उल्लेखनीय है कि जबसे निरुपम मुम्बई कांग्रेस के अध्यक्ष बने तभी से पार्टी की गुटबाज़ी सरेआम दिखाई देने लगी थी। पार्टी के दिवंगत नेता गुरुदास कामत खासे नाराज बताए जाते थे। उन्हें लेकर कहा जाता है कि संजय निरुपम से उनका छत्तीस का आंकड़ा था। श्री कामत उन्हें देखना तक पसंद नहीं करते थे। निरुपम के नेतृत्व में पार्टी कई चुनाव हार चुकी है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर पश्चिम मुंबई लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. गुरुदास कामत चुनाव लड़ते रहे हैं और उनके निर्वाचन क्षेत्र में राजनैतिक हस्तक्षेप को लेकर कामत और निरुपम के बीच भारी नाराजगी थी। कामत समर्थक आज भी निरुपम को उनकी प्रतिष्ठित लोकसभा सीट से टिकट दिए जाने के खिलाफ हैं। बहरहाल, कांग्रेस आलाकमान ने संजय निरुपम की मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से छुट्टी जरूर कर दी है लेकिन उन्हें कामत के निधन के बाद उत्तर पश्चिम से उम्मीदवारी देकर कार्यकर्ताओं को एक तरह से चिढ़ाने का मौका दे दिया है। देखना यह है कि मुंबई कांग्रेस के नए अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा निरुपम की कथनी-करनी से नाराज कांग्रेसियों को कितना समझा पाते है।
मुम्बई कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए गए निरुपम, मिलिंद देवड़ा को मिली कमान
Leave a comment
Leave a comment