नई दिल्ली:भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने भारत में महिलाओं के सम्मना को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि भारत में लोग बोलते हैं कि महिलाओं को सम्मान देना चाहिए, लेकिन ऐसा करते बहुत कम लोग हैं। इतना ही नहीं सिंधु ने भारत से बाहर अन्य देशों में महिलाओं के सम्मान को लेकर भी कुछ बातें कही हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं जब भारत से बाहर ट्रैवल करती हूं तो वहां महिलाओं का बहुत सम्मान होते देखती हूं। मुझे खुशी है कि बाहर के देशों में महिलाओं का सम्मान होता है। भारत की बात करें तो यहां लोग कहते हैं कि महिलाओं को सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन ऐसे बहुत कम लोग हैं, जो असल में ऐसा करते हैं।’
सिंधु ने भारत में महिलाओं को संदेश देते हुए कहा, ‘महिलाओं को खुद को मजबूत बनाना चाहिए और खुद पर भरोसा रखना चाहिए। उन्हें बिना डरे खुलकर हैरेसमेंट को लेकर बात करनी चाहिए। इसमें शर्म करने वाली कोई बात नहीं है, बल्कि हमें गर्व होना चाहिए कि हम इतने मजबूत हैं और इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।’