मुंबई। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली के बंधुआ बन गए हैं। उनका एक पैर हमेशा दिल्ली में रहता है और वे अपनी मर्जी से कोई फैसला नहीं ले सकते हैं। शिंदे – फडणवीस पर यह करारा हमला महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिल्ली के सामने सरेंडर कर देने से राज्य का विकास ठप हो गया है।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने औरंगाबाद की सभा में खुद सार्वजनिक रूप से यह ऐलान कर चुके हैं कि वह मोदी-शाह के मुरीद हो गए हैं। अब चर्चा है कि वे कैबिनेट विस्तार के लिए दिल्ली गए थे ।इससे साफ़ है कि मुख्यमंत्री बिना दिल्ली की अनुमति से अपना एक कदम भी आगे बढ़ा नहीं सकते हैं। शासन तो दूर की बात है. कई विभागों में साल भर से कोई मंत्री नहीं है। छह-छह विभागों का प्रभार सिर्फ एक मंत्री के पास है। वहीं कई जिलों के पालक मंत्री भी सिर्फ एक हैं। इससे प्रदेश का प्रशासन पूरी तरह से ठप हो गया है। मंत्री किसी भी विभाग के साथ न्याय करने में असमर्थ हैं । प्रशासन के ठप होने से लोग परेशान हैं। लोगों के काम नहीं हो रहे हैं , लेकिन शिंदे-फडणवीस सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज प्रदेश के कई हिस्सों में पानी की भारी किल्लत है। किसान बेहाल हैं। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के लिए अभी तक किसानों को मदद नहीं मिली है। उन्हें अपनी उपज सड़क पर फेंकने पड़ रहे हैं। कपास अभी भी किसानों के घर में पड़े हैं। लेकिन शिंदे सरकार का इससे कोई लेना-देना नहीं है। राज्य में सिर्फ बड़े आयोजनों कर बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने और लोगों के पैसों को लूटने का काम चल रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की जनता शिंदे-फडणवीस सरकार से तंग आ चुकी है और उन्हें अगले चुनाव के बाद घर पर बिठा देगी।
कांग्रेस का आरोप, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री बने बंधुआ, उनका एक पैर हमेशा के लिए दिल्ली में रहता है
Leave a comment
Leave a comment