मुंबई: धर्मेंद्र के फैंस के लिए अच्छी ख़बर है। सोशल मीडिया में उन्होंने वापसी कर ली है। दो दिन बाद धर्मेंद्र अपना 83वां जन्म दिन मनाएंगे। धर्मेंद्र ने आते ही अपने फार्म हाउस के वीडियो पोस्ट किये हैं और बताया है कि उनके ब्रेक लेने के पीछे क्या वजह थी।
27 नवंबर को धर्मेंद्र ने इंस्टाग्राम पर ब्रेक का एलान किया था। वेटरन एक्टर ने लिखा था- ”प्यारे दोस्तों, आपके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद। डिजिटल दुनिया से अवकाश ले रहा हूं। अपनी प्रतिक्रियाएं भेजते रहिए और लौटते ही आपसे जुड़ जाऊंगा।” धर्मेंद्र ने यह नहीं बताया था कि वो कहां जा रहा हैं और क्या करने वाले हैं। मगर अब लौटने के बाद उन्होंने खुलासा किया है। धर्मेंद्र ने 6 दिसम्बर को एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वो फ़सल के बीच में एक गाड़ी चला रहे हैं। इस वीडियो के साथ धर्मेंद्र ने लिखा है- ”प्यारे दोस्तों, कैसे हैं आप? मेरे फार्म पर नेटवर्क नहीं था इसलिए आपसे संपर्क नहीं रख सका था। आपके साथ अपनी कुछ गतिविधियां साझा कर रहा हूं। मुझे एडिट करना नहीं आता, इसलिए जस का तस भेज रहा हूं।”
धर्मेंद्र ने एक और वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वो सब्जी के बाग में खड़े हैं। इस वीडियो में धर्मेंद्र ऑर्गेनिक खेती को प्रमोट करते नज़र आते हैं। धर्मेंद्र कह रहे हैं- ”ऑर्गेनिक सब्जियां उगा रहा हूं। कितने अच्छे प्याज़ हैं। गोभी लगा रहा हूं। मूली लगाई है। मज़ा आ रहा है जाट को। आय एम एंजॉइंग मुझे फ़िल्मों का तो नशा रहा ही है। लेकिन खेती का नशा भी रहा है दोस्तों। ऑर्गेनिक इज़ गुड फॉर योर हेल्थ। आप भी करके देखो दोस्तों।”
धर्मेंद्र ने पिछले साल इंस्टाग्राम पर डेब्यू किया था। उन्होंने ‘यमला पगला दीवाना फिर से’ की अपनी एक तस्वीर शेयर की थी। इसके बाद वो नियमित रूप से सक्रिय रहे। धर्मेंद्र अधिकतर थ्रोबैक तस्वीरें ही सोशल मीडिया में शेयर करते रहे हैं। धर्मेंद्र के इंस्टाग्राम पर 3 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
बर्थडे से 2 दिन पहले इस ख़ूबसूरत मैसेज के साथ डिजिटल दुनिया में लौटे धर्मेंद्र
Leave a comment
Leave a comment