– कप्तानगंज विद्युत उपकेन्द्र पर विद्युत सप्लाई का और ही बुरा हाल
– 24 घंटे में 18 घंटे सप्लाई का रोस्टर 3 से 4 घंटे भी नहीं मिल पा रही बिजली
कप्तानगंज बस्ती, उ०प्र०- योगी सरकार के 18 घंटे बिजली सप्लाई के दावो पर कप्तानगंज के बिजली कर्मचारियों की मनमानी भारी पड़ रही है जहाँ पर रोस्टर के नाम पर 18 घंटे तक विद्युत कटौती का मैसेज प्रसारित किया जाता है व 3 से 4 घंटे की ही सप्लाई किसानों को मिल पा रही है। बिजली विभाग व उसके कर्मचारी फर्जी बिल भेजकर किसानों का उत्पीड़न कर अपनी जेब गरम करने की जुगत में मस्त है।
मिली जानकारी के अनुसार जहाँ सरकार किसानों को 18 घण्टे निर्वाध विद्युत आपूर्ति का ढिंढोरा पीट रही है वहीं कप्तानगंज विद्युत उपकेन्द्र पर 18 घण्टे बंदी रोस्टर का मैसेज प्रसारित करते हुए 18 घंटे सप्लाई के बदले महज 3 से 4 घण्टे की ही सप्लाई दी जा रही है। कड़ाके की इस ठंड में किसानों को अपने गेहूँ की फसल की सिंचाई हेतु पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। कप्तानगंज विद्युत उपकेन्द्र द्वारा ” उपभोक्ता विद्युत सूचना ” नामक ग्रुप उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की सूचना देने हेतु बनाया गया है जिस पर विद्युत कर्मचारियों द्वारा विद्युत सप्लाई व रोस्टर की फर्जी सूचना प्रसारित करके विद्युत उपभोक्ताओ के साथ आए दिन मजाक किया जाता रहता है। जिम्मेदार अधिकारी भी ग्रुप से जुड़े हुए हैं फिर भी कर्मचारियों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। क्षेत्र के जागरूक किसानों में धर्मराज चौधरी , आशाराम चौधरी , मनीराम , विशाल आदि ने बताया कि इस समय गेंहूँ की सिंचाई का समय चल रहा है फिर भी 3 से 4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है जिससे गेहूँ की सिंचाई नहीं हो पा रही है।