अहमदाबाद। गुजरात में विधान सभा चुनाव दूसरे चरण के साथ ही संपन्न हो गए हैं। यहां कुल 182 सीटों पर चुनाव हुए। चुनाव खत्म होने के साथ ही विभिन्न एजेंसियों एवं मीडिया के एग्जिट पोल भी आ चुके हैं। इन एग्जिट पोल्स की मानें तो गुजरात में फिर भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है। यही नहीं, पिछले गुजरात में भाजपा व कांग्रेस में कांटे की टक्कर हुई जो इस बार बिल्कुल भी नहीं नजर आ रहा है और भाजपा कांग्रेस को बुरी तरह से हराती हुई नजर आ रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी का सपना चखनाचूर होते दिखाई दे रहा है। आए एग्जिट पोल्स के अनुसार, 2017 विधानसभा चुनाव के लिहाज से वोट प्रतिशत में भाजपा को नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को।
टाइम्स नाऊ और ईटीजी की एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को पिछले चुनाव में 49.3% वोट मिले थे, जबकि इस बार के एग्जिट पोल में 42% वोट शेयर का अनुमान है. इस नजरिए से भाजपा को -7.3 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं, कांग्रेस का 2017 में वोट प्रतिशत 41.7 था, जो एग्जिट पोल में 30 बताया गया है। ऐसे में उसे -11.7 प्रतिशत वोट का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
टाइम्स नाऊ के एग्जिट पोल में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती नजर आ रही है। एग्जिट पोल की मानें, तो भाजपा को 131 सीट, कांग्रेस को 41 सीट, आप को 6 सीटें, जबकि अन्य को 4 सीट मिलने का अनुमान है।
न्यूज 24 और टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल में भी भाजपा को पूर्ण बहुमत का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल की मानें, तो भाजपा को 150 (11 सीटें कम या ज्यादा) सीट, कांग्रेस को 19 सीट (9 सीटें कम या ज्यादा), आप को 11 सीटें (7 सीटें कम या ज्यादा), जबकि अन्य को 2 सीट (2 सीटें कम या अधिक) मिलने का अनुमान है।
इंडिया टुडे और एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में भाजपा 150 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत से राज्य में सरकार बनाती नजर आ रही है। एग्जिट पोल की मानें, तो भाजपा को 129 से 151 सीट, कांग्रेस को 16 से 30 सीट, आप को 9 से 21 सीटें, जबकि अन्य को 2 से 6 सीट मिलने का अनुमान है।
सी-वोटर के एग्जिट पोल में भाजपा को पूर्ण बहुमत का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल की मानें, तो भाजपा को 131 से 142 सीट, कांग्रेस को 28 से 36 सीट, आप को 7 से 15 सीटें, जबकि अन्य को 0 से 2 सीट मिलने का अनुमान है।
एक्जिट पोलः गुजरात में भाजपा को मिल सकती है बहुमत
Leave a comment
Leave a comment