नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में दिख रही है, यहां कुछ एग्जिट पोल जहां भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर बता रहे हैं तो वहीं कुछ एग्जिट पोल 44 प्रतिशत मतों के साथ बहुमत की सरकार बनाते हुए दिखा रहे हैं। हालांकि हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव को लेकर अलग-अलग एग्जिट पोल सामने आए हैं। जिसमें कुछ ने भाजपा की बढ़त का अनुमान भी लगाया है। न्यूज चैनल आज तक ने हिमाचल प्रदेश के एग्जिट पोल में कांग्रेस की बढ़त दिखाई है। आजतक एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को 42 प्रतिशत, कांग्रेस को 44 प्रतिशत और आम आदमी पार्टी को 2 प्रतिशत वोट शेयर मिलता हुआ नजर आ रहा है।
एग्जिट पोल के मुताबिक हिमाचल में भाजपा को 24 से 34 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं। वहीं कांग्रेस को 30 से 40 सीट मिलने के आसार नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य को 4 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं आम आदमी पार्टी को इस एग्जिट पोल में एक भी सीट मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं तथा यहां सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 35 सीटों की जरूरत होती है।
आज तक-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को एससी वर्ग ने 34 फीसदी, कांग्रेस को 52 फीसदी, अन्य को 14 फीसदी लोगों ने पसंद किया, वहीं एसटी समाज ने भाजपा को 44 फीसदी, कांग्रेस को 43 फीसदी, अन्य को 13 फीसदी लोगों ने पसंद किया। इसके अलावा मुस्लिम मतदाताओं ने भाजपा को 07 फीसदी, कांग्रेस को 65 फीसदी तथा अन्य को 28 फीसदी लोगों ने पसंद किया।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को वोटिंग हुई थी। हिमाचल में इस बार 75 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ था। वहीं साल 2017 के विधानसभा चुनाव में 75.57 प्रतिशत मतदान हुआ था। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 68 में से 44 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत हासिल की थी।
हिमाचल का एग्जिट पोलः कांग्रेस को मिल सकती है बहुमत
Leave a comment
Leave a comment