कांदिवली। नववर्ष का अपना विशेष मूल्य है। व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ और प्रसन्न बनाए रखने के लिए अपने आपको संकल्पों से भावित करे, ऐसी अपेक्षा है। वर्तमान युग में जहां वैज्ञानिक संसाधनों की प्रचुरता ने व्यक्ति के जीवन को सुगम बनाया है, वहीं उनके अति उपयोग से भी बचना अत्यंत अपेक्षित है। अपेक्षित है किशोर और युवापीढ़ी स्वयं को अधिक स्वस्थ एवं कार्यक्षम बनाए रखने के लिए डिजिटल फास्टिंग का आंशिक प्रयोग अवश्य करें। रात्रि 11 बजे के पश्चात अवश्य इनसे दूरी बनाएं – आचार्य श्री महाश्रमणजी की विदुषी शिष्या साध्वी निर्वाणश्रीजी ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए ये उद्गार व्यक्त किए।
प्रबुद्ध साध्वी योगक्षेमप्रभाजी ने विश्वशांति एवं आंतरिक ऊर्जा के जागरण हेतु सबसे विशेष आह्वान किया। उन्होंने आत्म रक्षा, मंगल भावना आदि के प्रयोग भी इस अवसर पर करवाए। प्रातः 70 मिनट तक चले इस अनुष्ठान में सबका उत्साह चरम पर रहा। अत्यंत तन्मयता से सभी ने अपने आपको शुभ भावों से भावित किया।
श्री तुलसी महाप्रज्ञ फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोदजी बोहरा ने सबको नववर्ष की शुभकामनाएं दी।
इससे पूर्व दिन भगवान महावीर का निर्वाण कल्याणक जप, तप के साथ विशेष रूप से मनाया गया। साध्वी निर्वाणश्रीजी एवं साध्वी योगक्षेमप्रभाजी भगवान महावीर के अंतिम चातुर्मास की विशेष रूप से अवगति दी। साध्वी लावण्यप्रभाजी, साध्वी कुंदनयशाजी, साध्वी मुदितप्रभाजी एवं साध्वी मधुरप्रभाजी ने समवेत स्वरों में भावपूर्ण गीत का संगान किया।
दीपावली की रात्रि के समय में भी मंत्रोच्चार का विशेष क्रम रहा। हिंदी, संस्कृत, प्राकृत आदि विविध भाषाओं में भगवान महावीर एवं गणधर गौतम से संबंधित प्रस्तुत गीतों का संगान किया गया। ये तीन दिन उपस्थित श्रोताओं के लिए चिरस्मरणीय बन गए।
तेरापंथ भवन कांदिवलीः नववर्ष के महामंत्रोच्चार में उमड़ा जैनसैलाब
Leave a comment
Leave a comment