नई दिल्ली:देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 24,740 नए केस मिले, 82.7 हजार मरीज ठीक हुए, जबकि 344 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई। कोरोना संक्रमण के मामले लगातार कम होते जा रहे हैं। इससे पहले 31 जनवरी को 22,775 मामले सामने आए थे। तीसरी लहर के पीक से तुलना करें तो मामलों में 93% की गिरावट हुई है। 20 जनवरी को पीक पर 3.47 लाख नए केस मिले थे।
एक्टिव केस में भी बड़ी गिरावट
फिलहाल देश में 4.15 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। यह 6 जनवरी के बाद सबसे कम है। तब 3.71 लाख लोगों का इलाज चल रहा था। तीसरी लहर में 23 जनवरी को सबसे ज्यादा 22.49 लाख एक्टिव केस थे। इसी तरह 14 फरवरी को ठीक होने वाले लोगों की संख्या 82,788 रही, जो कि 11 जनवरी के बाद सबसे कम है। तब 60,405 लोगों ने इस बीमारी को मात दी थी।
वर्ल्ड कोरोना अपडेट्स
- प्रिंस चार्ल्स की पत्नी कैमिला भी कोरोना पॉजिटिव: ब्रिटेन के शाही घराने के प्रिंस चार्ल्स पिछले गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव आए थे। अब उनकी पत्नी और डचेस और कॉर्नवाल कैमिला भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। वे सेल्फ-आइसोलेशन में हैं। 74 साल की कैमिला तीन बार वैक्सीन लगवा चुकी हैं।
- कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने लागू किए आपातकालीन उपाय: वैक्सीन कोरोना प्रतिबंधों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इमरजेंसी उपाय लागू कर दिए हैं। ट्रूडो ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदर्शनकारियों ने दो हफ्ते से राजधानी ओटावा को जाम कर रखा है जिसकी वजह से इकोनॉमी को नुकसान पहुंच रहा है और पब्लिक सेफ्टी खतरे में आ गई है। हम ऐसी अवैध और खतरनाक गतिविधियों को जारी रहने की अनुमति नहीं दे सकते हैं।