लखनऊ:यूपी के रण यानी विधानसभा चुनाव 2022 का दूसरा फेज। 9 जिलों की 55 सीटें और दांव पर 586 उम्मीदवारों की किस्मत। इसका फैसला 2 करोड़ वोटर आज कर देंगे। शाम 5 बजे तक 60.44% वोटिंग हुई है। पोलिंग का आखिरी घंटा चल रहा है और अभी भी बूथों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
वोटिंग के बीच ही भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि सेकेंड फेज में बुर्के जा रही महिलाओं की पहचान के बिना ही वोट पड़वाए जा रहे हैं। इसके चलते फर्जी मतदान हो रहा है। इनकी पहचान महिला पुलिसकर्मियों और चुनाव कर्मियों से कराई जाए।
मुरादाबाद में सपा और बसपा समर्थकों के बीच मारपीट और पथराव हुआ है। इसके बाद प्रधान समेत 5 लोग हिरासत में लिए गए हैं। सहारनपुर में में समाजवादी पार्टी और भाजपा के समर्थकों में लड़ाई हुई है। अमरोहा में सपा प्रत्याशी ने अपने समर्थकों पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया।
सपा का चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल
सपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि सहारनपुर में बेहट के बूथ पर साइकिल का बटन दबाने पर वीवीपैट से कमल की पर्ची निकल रही है। यह भी कहा कि जिन महिलाओं को कम दिखता है या नहीं दिखता है, उनका वोट मतदान अधिकारी खुद डाल रहे हैं।
वोटिंग ट्रेंड बना भाजपा के लिए चुनौती
एक्सपर्ट्स का मानना है कि हिजाब कंट्रोवर्सी के बीच सेकेंड फेज भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है, क्योंकि इन 9 जिलों में 50% से ज्यादा वोटर्स मुस्लिम हैं। आंकड़ों के एनालिसिस से पता चला कि 2017 में मुस्लिम उम्मीदवारों में आपसी टकराव की वजह से भाजपा को 38 सीटों पर सीधा फायदा मिला था, जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन को 17 (सपा -15, कांग्रेस -2) सीटें मिली थीं। इस बार मुस्लिम बहुल 18 सीटों में से 8 पर 55% से ज्यादा और 10 पर 40-50% के बीच मुस्लिम वोटर हैं। इनमें से 3 सीट पर 72% से ज्यादा वोट पड़े यानी ओवरऑल 60.44% से करीब 12% ज्यादा।