नई दिल्ली:देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार घट रहे हैं। सोमवार रात 11.30 बजे तक संक्रमण के 65 हजार 261 नए केस सामने आए हैं। इस दौरान 1 लाख 80 हजार 80 मरीज ठीक हुए और 1186 लोगों की मौत हुई है। देश में 20 जनवरी को 3.47 लाख केस आए थे। इस हिसाब से देखे तो डेली केस में पीक से करीब 81% की गिरावट आई है।
इसे पहले रविवार को कोरोना संक्रमण के 83 हजार 876 नए केस सामने आए थे। इस दौरान 1 लाख 99 हजार 54 मरीज ठीक हुए थे और 895 लोगों की मौत हुई थी। यानी नए केस में 18 हजार से ज्यादा की गिरावट आई है। 5 जनवरी के बाद पहली बार रविवार को देश में नए केस एक लाख से कम हुए थे। फिलहाल, देश में कुल एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 9.85 लाख है। देश में महामारी की शुरुआत से अब तक कुल 4.23 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं।
देश में कोरोना पर एक नजर
कुल कोरोना केस: 4.23 करोड़
कुल रिकवरी: 4.08 करोड़
कुल मौतें: 5.04 लाख
कोरोना अपडेट्स…
- सरकार ने सोमवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान गंगा नदी में फेंके गए शवों की संख्या के बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं है।
- कोरोना केस घटने के बाद अब सुप्रीम कोर्ट में बुधवार और गुरुवार को लिस्ट सभी मामलों की सुनवाई वकीलों की फिजिकल प्रजेंस में कोर्ट रूम में ही होगी।
- मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 356 नए केस दर्ज किए गए हैं। पिछले साल 21 दिसंबर के बाद ये सबसे कम डेली केस है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, भारत में कोविड-19 टीकाकरण 170 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया है।
- सोमवार को शाम 7 बजे तक 50 लाख से ज्यादा लोगों को कोविड वैक्सीन की खुराक दी गई।
- जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटे में 686 केस दर्ज किए गए। देश के अन्य राज्यों की तरह यहां भी कोविड के मामलों की संख्या में गिरावट आ रही है।