नई दिल्ली:मेलबर्न के रोडर लेवर एरेना में स्पेन के दिग्गज राफेल नडाल ने इतिहास रच दिया। वे दुनिया के पहले पुरुष खिलाड़ी हो गए, जिन्होंने 21 ग्रैंड स्लैम अपने नाम किए हैं। रविवार 30 जनवरी को खेले गए ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 के मेंस सिंगल्स के फाइनल में राफेल नडाल ने रूस के डेनिल मेदवेदेव को हरा दिया। यहां तक कि मेदवेदेव पहले दो सेट जीत गए थे, लेकिन अगले तीन सेट दमदार तरीके से राफेल नडाल ने जीते और इतिहास रच दिया। इस मैच राफेल नडाल ने कई रिकॉर्ड भी बना डाले।
सबसे पहले तो वे सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम मेंस सिंगल्स में जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अब तक वे संयुक्त रूप से पहले स्थान पर थे, क्योंकि 20-20 ग्रैंड स्लैम उनके अलावा रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच ने जीते थे। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियन ओपन का ये राफेल नडाल का दूसरा खिताब है। साल 2009 में इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था। इसी के साथ स्पेन के नडाल ऐसे चौथे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने चारों ग्रैंड स्लैम कम से कम दो-दो बार जीतने में सफलता हासिल की है।
पहला ग्रैंड स्लैम 1877 में जॉन गोरे ने जीता था। वहीं, सबसे पहले 2 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले जॉन हार्टली थे। वहीं, 3 से 6 ग्रैंड स्लैम सबसे पहले जीतने का रिकॉर्ड विलियम रेनशॉ के नाम दर्ज है। हालांकि, सात ग्रैंड स्लैम रिचर्ड सीयर्स ने जीते थे। वहीं, 8 से 10 ग्रैंड स्लैम सबसे पहले बिल टिलडन ने जीते थे। वहीं, 11 और 12 ग्रैंड स्लैम सबसे पहले रो एमर्सन ने अपने नाम किए थे। इसके बाद पीट संप्रास का नंबर था, जिन्होंने सबसे पहले 13 और 14 ग्रैंड स्लैम जीते थे। इसके बाद नंबर स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर का आया, जिन्होंने सबसे पहले 15 से 20 खिताब अपने नाम किए, जबकि राफेल नडाल सबसे पहले 21 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले शख्स बने हैं।
5 घंटे और 20 मिनट से ज्यादा समय तक चले ऑस्ट्रेलियन ओपन मेंस सिंगल्स के फाइनल में राफेल नडाल ने डेनिल मेदवेदेव को पहले दो सेट 2-6, 6-7 से हारने के बाद 6-4, 6-4 और 7-5 से जीत दर्ज की। 35 वर्षीय राफेल नडाल का ये करियर का दूसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब है। इसके लिए उन्हें 13 साल इंतजार किया। वे आखिरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन साल 2009 में जीते थे। ये एकमात्र ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में इस स्पेनिश खिलाड़ी ने जीता था।