मुंबई:एक नाबालिग लड़की ने अपने पिता और भाई पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। लड़की के आरोपों के बाद पिता और भाई दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला मुंबई का है। यहां पुलिस ने बुधवार को बताया कि 16 साल की लड़की के आरोपों के बाद उसके पिता और भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक लड़की ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसके पिता और भाई ने साल 2019 में उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में धारा 376 (दुष्कर्म)और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक बैग निर्माण इकाई में काम करता है। दोनों आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया है।
इस घटना को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पीड़ित नाबालिग लड़की ने अपने स्कूल शिक्षक को इस घटना के बारे में बताया। शिक्षक की मदद से ही पीड़िता पुलिस तक पहुंची और फिर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह भी कहा जा रहा है कि बीत दो वर्षों में लड़की के साथ का कई बार यौन शोषण किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अब पुलिस इस मामले में आगे की तफ्तीश कर रही है।
आपको याद दिला दें कि पिछले साल अक्टूबर में महाराष्ट्र के ही ठाणे जिले से एक ऐसी ही घटना सामने आई थी। यहां एक पिता पर अपनी 9 साल की बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। यह भी आरोप था कि वो अपनी 8 महीने की बेटी को शराब भी पिलाता था और मां के विरोध करने पर उनकी पिटाई भी किया करता था। लड़की की मां द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया था।