मुंबई:मशहूर गायिका लता मंगेशकर कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। फैन्स लगातार स्वर कोकिला का हेल्थ अपडेट जानना चाह रहे हैं। इस बीच लता मंगेशकर के स्वास्थ्य को लेकर कुछ अफवाहें भी सोशल मीडिया पर फैलीं, जिन पर उषा मंगेशकर का रिएक्शन आया है। इसके साथ ही उषा ने लता मंगेशकर का हेल्थ अपडेट भी दिया है। उषा ने बताया कि लता दीदी की तबीयत में सुधार है।
लता दीदी की तबीयत में सुधार है…
उषा मंगेशकर ने लता मंगेशकर के स्वास्थ्य और सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर कहा, ‘लता दीदी की तबीयत में सुधार है, उनको स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याए हैं, लेकिन वो रिकवर कर रही हैं और स्टेबल हैं… लेकिन हम ये नहीं कह सकते कि वो कब घर वापस आएंगी, ये तो डॉक्टर्स ही बता सकते हैं।’
कुछ मीडिया हाउस चला रहे गलत खबरें
उषा मंगेशकर ने आगे कहा, ‘कुछ मीडिया हाउस गलत खबरें चला रहे हैं, जो बिलकुल भी अच्छी बात नहीं है। मैं मीडिया हाउसेस से विनती करती हूं कि ऐसी खबरें न चलाएं, लता की तबीयत स्टेबल है।’ बीते दिन उनके स्वास्थ को लेकर कुछ खबरें भी सोशल मीडिया पर उड़ी थीं, लेकिन सिंगर के स्पोक्सपर्सन ने उन्हें अफवाह करार दिया था। उन खबरों से फैन्स परेशान हो गए थे।
सबसे अच्छे डॉक्टर्स की टीम कर रही इलाज
याद दिला दें कि लता मंगेशकर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। 8 जनवरी को लता मंगेशकर का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया था, साथ ही उन्हें निमोनिया भी हो गया था। अस्पताल की ओर से बताया गया था कि लता मंगेशकर के लिए सबसे अच्छे डॉक्टर्स की टीम तैयार की गई है।
स्वर कोकिला के नाम से मशहूर
गौरतलब है कि 1929 में पैदा हुईं लता मंगेशकर को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा जा चुका है। वह भारतीय सिनेमा की महान गायिकाओं में से हैं, उन्हें स्वर कोकिला के नाम से जाना जाता है। लता मंगेशकर को पद्म भूषण, पद्म विभूषण और दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।