मुंबई :शिवसेना सांसद संजय राउत ने दिल्ली में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ बैठक की। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। जब राउत से यह पूछा गया कि क्या शिवसेना यूपीए में शामिल होगी? उन्होंने कहा, ”यह एक लंबी बैठक थी। मैं पहले उद्धव ठाकरे से मिलूंगा और फिर हम इसके बारे में बात करेंगे।”
संजय राउत ने आगे कहा कांग्रेस के बिना विपक्ष का मोर्चा संभव नहीं है। उन्होंने कहा, ”विपक्षी मोर्चे का चेहरा चर्चा का विषय हो सकता है। राहुल गांधी जल्द ही मुंबई जाएंगे। केवल एक विपक्षी मोर्चा होना चाहिए।”
इससे पहले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के द्वारा कांग्रेस को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना के मुखपत्र सामना ने शनिवार को कहा था कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) का नेता कौन होगा, यह तय करने से पहले विपक्ष को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ एकजुट होना चाहिए।
शिवसेना का यह बयान तब आया था जब प्रशांत किशोर ने यह कहकर कांग्रेस पर निशाना साधा कि उसका नेतृत्व किसी व्यक्ति का दैवीय अधिकार नहीं होता है। उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी पिछले 10 वर्षों में 90 प्रतिशत से अधिक चुनाव हार गई है।
संपादकीय में विपक्षी दलों से सत्ता में आने के लिए कांग्रेस के पीछे नहीं जाने का आग्रह किया गया। सामना ने कहा था, “कांग्रेस अभी भी कई राज्यों में है। गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों में कांग्रेस नेता तृणमूल में शामिल हो गए हैं और आप के साथ भी ऐसा ही है।” संपादकीय में यह भी कहा गया है कि यूपीए जैसा गठबंधन बनाने से भाजपा को ही मजबूती मिलेगी।