ताइपे:चीन और ताइवान के बीच तनाव जारी है। इसी कड़ी में ताइवान ने कहा है कि चीनी सैनिक ताइवान के प्रमुख एयरपोर्ट और पोर्ट को ब्लॉक करने में सक्षम हैं। ताइवान ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद गंभीर सुरक्षा ख़तरा बताया है।
बता दें कि चीन ने लगातार ताइवान को धमकी दी है कि वह ताइवान को चीन का हिस्सा बनाएगा। चीनी राष्टपति शी जिनपिंग ने ताइवान पर कब्जा करने को लेकर सैन्य कारवाई से भी इनकार नहीं किया है। ताइवान पर नियंत्रण के लिए चीन लगातार सैन्य गतिविधियों को तेज करने में लगा हुआ है।
ताइवान सरकार ने हाल ही में एक रिपोर्ट जारी किया है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले दो सालों में चीनी युद्ध विमानों ने 554 बार ताइवान की सीमा में घुसपैठ की थी। मिलिट्री एनालिस्ट्स का मानना है कि चीन रणनीतिक तौर पर ताइवान पर थका देना चाहता है।
ताइवान ने कहा है कि मौजूदा वक्त में चीनी सेना हमारे महत्वपूर्ण पोर्ट, एयरपोर्ट, फ्लाइट रूट की नाकाबंदी में सक्षम है। चीन हमारी समुद्री लाइन को काटकर सैन्य आपूर्ति और रसद की आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है।
ताइवान के राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन ने लगातार कहा है कि ताइवान पहले से ही एक आजाद देश है और ताइवान अपनी आजादी और लोकतंत्र की रक्षा करेगा। उन्होंने ताइवान की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। ताइवान ने हाल के सालों में अमेरिका से कई हथियार खरीदे हैं।