अमृतसर:पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) ने सोमवार राजासांसी के गांव अदलीवाल में निरंकारी भवन का दौर किया जहां रविवार को ग्रेनेड से हमला हुआ था। उन्होंने गुरूनानक देव अस्पताल जाकार हादसे में घायल हुए लोगों का हाल चाल भी जाना। इस दौरान उनके साथ पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी मौजूद थे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पत्रकारों से बता करते हुए कहा कि मामले की जांच जारी है और पुलिस को इस मामले में कुछ लीड मिली हैं। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सीएम ने कहा कि हादसे में घायल हुए लोगों की हालत अब खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि यह मामला आतंकवाद का है।
सीएम ने कहा कि घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य में अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विशेष नाकाबंदी लगाकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस तथा एनआईए घटना की जांच कर रही है।
वर्ष 1978 में निरंकारियों पर हुए हमले संबंधी पूछने पर कैप्टन सिंह ने कहा कि यह एक आंतकवादी घटना है। 1978 की घटना एक धार्मिक घटना थी इसलिए ग्रेनेड हमले को 1978 की घटना से जोड़ कर न देखा जाए।
आम आदमी पाटीर् के नेता हरविंदर सिंह फुलका द्वारा हमले संबंधी दिए गए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन सिंह ने कहा कि फुलका ‘नॉन स्टेबल’ आदमी है। उन्होंने कहा कि ऐसे वरिष्ठ नेता को विवादित बयान देने से बचना चाहिए।
अमरिंदर सिंह ने की घायलों से मुलाकात, बोले-यह आतंकवाद का मामला

