नई दिल्ली:टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद गौतम गंभीर का मानना है कि अगर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इस साल भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भेजता है, तो उनकी नजर में बीसीसीआई के लिए सम्मान और बढ़ जाएगा। इसके अलावा गंभीर ने कहा कि कोविड-19 महामारी (कोरोना वायरस संक्रमण) के मुश्किल समय में दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई को एक राजनेता की भूमिका निभाने की जरूरत है। कोविड-19 के चलते दुनिया भर के तमाम क्रिकेट इवेंट्स स्थगित हो चुके हैं और सभी क्रिकेट बोर्ड्स को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ शो में कहा, ‘बीसीसीआई का यह शानदार कदम है। यह एक बहुत ही सकारात्मक संकेत है। वे शायद बड़ी तस्वीर देख रहे हैं। यह देश के मूड को बदल देगा। सीरीज जीतना एक अलग बात है और वहां जाना बहुत बड़ी बात होगी। यह दोनों देशों के मिजाज को बदल देगा। भारत ही नहीं बल्कि शायद ऑस्ट्रेलिया के लिए भी यह एक बहुत बड़ा कदम साबित होगा।’ उन्होंने कहा, ‘बीसीसीआई सबसे अमीर बोर्ड है और ऐसे में उसे आगे आकर स्थिति को संभालना चाहिए और उसे राजनेता की भूमिका निभाना चाहिए। अगर भारत, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाता है तो मेरी नजर में बीसीसीआई के लिए और सम्मान बढ़ जाएगा।’
बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने सिडनी मॉनिंर्ग हेराल्ड से कहा कि भारत इस दौरे को लेकर सकारात्मक है। भारतीय खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में सीरीज खेल सकते हैं। यही नहीं विराट सेना मैच से पहले दो हफ्ते तक क्वारांटाइन में रहने को भी तैयार है। उन्होंने कहा, ‘कोई विकल्प नहीं है। हर किसी को ऐसा करना होगा। आप क्रिकेट को फिर से शुरू करना चाहेंगे। सभी भारतीय खिलाड़ी क्वारंटाइन में रहने को तैयार हैं।’

