फ़िल्म ‘तानाजी’ की शूटिंग रुकी
मुंबई। फ़िल्म अभिनेता अजय देवगन के पिता वीरू देवगन ने सोमवार, 27 मई 2019 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया. उनके पार्थिव शरीर को घर लाया गया. जहां उनके अंतिम दर्शन और देवगन परिवार को ढांढस बंधाने के लिए बॉलीवुड के कई स्टार्स भी पहुंचे. अमिताभ बच्चन, सनी देओल, संजय दत्त, शाहरुख खान, बॉबी देओल, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या बच्चन, सुनील शेटटी, अनिल कपूर, बोनी कपूर, अर्जन कपूर, सतीश कौशिक, महेश भट्ट, सलिम खान, अनन्या पांडे, मधुरी दीक्षित आदि के नाम उल्लेखनीय हैं. उनका मुंबई स्थित शमशान भूमि में 27 मई की शाम अंतिम संस्कार किया गया. विदित हो, वीरु देवगन का जन्म अमृतसर में हुआ था और काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे.
फ़िल्म अभिनेता अजय देवगन मुंबई फिल्मसिटी में अपनी आने वाली फ़िल्म ‘तानाजी’ की शूटिंग कर रहे थे. इस दौरान उनको कॉल आया कि, पिता जी की तबियत बहुत ख़राब है. वीरू देवगन घर पर खाना खा रहे थे, तभी अचानक कुर्सी से गिर पड़े, काजोल उन्हें अस्पताल लेकर गईं है. इस खबर की जानकारी मिलते ही अजय देवगन ने अपनी फिल्म की शूटिंग रुकवा दी और पिता के पास अस्पताल पहुंचे. जहां वीरू देवगन का निधन हो गया.
बॉलीवुड में 80 से ज्यादा फिल्मों के एक्शन सीन को डायरेक्ट करने वाले वीरू देवगन अब हमारे बीच नहीं रहे. वीरू देवगन मशहूर एक्टर अजय देवगन के पिता हैं. अभिनेत्री काजोल के ससुर हैं. वीरू देवगन के निधन की खबर मिलते ही बॉलीवुड में सन्नाटा पसर गया है. हर कोई इस दिग्गज एक्शन डायरेक्टर को सोशल मीडिया पर नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहा है. एक्शन सीन डायरेक्ट करने के अलावा वीरू देवगन ने साल 1999 में ‘हिंदुस्तान की कसम’ फिल्म को डायरेक्ट भी किया. वीरू देवगन ने ‘आज का अर्जुन’, ‘राम तेरी गंगा मैली हो गई’, ‘विजय पथ’, ‘दिलजले’, ‘एक ही रास्ता’, ‘प्रेम रोग’, ‘आखिरी रास्ता’, ‘सोने पे सुहागा’, ‘खून भरी मांग’ जैसी कई फिल्मों के स्टंट सीन डायरेक्ट किए हैं. बहुत ही कम लोग जानते होंगे कि वीरू देवगन स्टंट सीन डायरेक्ट करने के अलावा बतौर एक्टर, प्रोड्यूसर, राइटर और असिस्टेंट डायरेक्टर भी काम किया है. वीरू देवगन ने बतौर एक्टर महज तीन फिल्मों में काम किया इन फिल्मों में ‘क्रांति’, ‘सौरभ’ और ‘सिंहासन’ शामिल हैं. वहीं ‘हिंदुस्तान की कसम’, ‘दिल क्या करे’ और ‘सिंहासन’ फिल्म को प्रोड्यूस किया. इसके साथ ही ‘विश्वात्मा’ और ‘मेरा पति सिर्फ मेरा है’ फिल्म में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया. इसके साथ ही बेटे अजय देवगन की फिल्म ‘जिगर’ जो साल 1992 में रिलीज हुई थी उसके राइटर भी थे.
वीरू देवगन को पब्लिक इवेंट्स और पार्टीज में जाना ज्यादा पसंद नहीं था. जानकारी के मुताबिक उन्हें पब्लिक इवेंट्स में आखिरी बार फरवरी 2019 में अजय देवगन की फिल्म ‘टोटल धमाल’ की स्क्रीनिंग के मौके पर देखा गया था.
• शामी एम् इरफ़ान

