मेलबर्न:महिला टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 85 रन से हरा दिया। मेलबर्न में खेले गए मैच में टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 184 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम 19.1 ओवर में 99 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच में टीम इंडिया के टॉप-5 बल्लेबाजों ने सिर्फ 19 रन बनाए। यही हार का मुख्य कारण रहा। शेफाली वर्मा 2, स्मृति मंधाना 11, तानिया भाटिया ने 2, जेमिमा रोड्रिग्ज ने 0 और हरमनप्रीत कौर ने 4 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मेगन शूट ने सबसे ज्यादा 4 और जेस जोनासन ने 3 विकेट लिए। 75 रनों की पारी खेलने वाली एलिसा हीली प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।
भारतीय पारी की शुरुआत करने आईं मंधाना और जेमिमा जल्दी पवेलियन लौट गईं। मंधाना सोफी मोलिनिक्स की गेंद पर निकोला कैरी के हाथों कैच आउट हुईं। वहीं, जेमिमा का जेस जोनासन की गेंद पर कैरी ने ही कैच लिया। फाइनल खेलने वाली सबसे युवा खिलाड़ी शेफाली वर्मा 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। मेगन की गेंद पर विकेटकीपर एलिसा हिली ने उनका कैच लिया।
दीप्ति ने 2 विकेट लिए
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 184 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर एलिसा हीली ने 75 और बेथ मूनी ने नाबाद 78 रन की पारी खेली। यह हीली के करियर का 12वां और मूनी का 9वां अर्धशतक है। दोनों के बीच टूर्नामेंट में दूसरी बार शतकीय (115 रन) साझेदारी हुई। भारत की दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 38 रन देखर सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

