मुंबई। महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी की नई समिति की घोषणा कर दी गई है। इस समिति में कार्याध्यक्ष सहित कुल 31 अशासकीय सदस्य बनाए गए हैं। सास्कृतिक कार्य मंत्री इस समिति के पदेन अध्यक्ष होंगे। उनके साथ शासकीय सदस्य के रूप में सांस्कृतिक कार्य विभाग के प्रधान सचिव बतौर सदस्य एवं सहसंचालक, महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी सदस्य सचिव के रूप में इस समिति के सदस्य होंगे। मुख्यमंत्री की संस्तुति पर राज्यपाल द्वारा घोषित अकादमी की इस नवीन कार्यकारिणी में प्रो. डॉ. शीतला प्रसाद दुबे को कार्याध्यक्ष बनाया गया है। 25 अक्टूबर 2018 को घोषित यह कार्यकारिणी तीन सालों तक प्रभावी रहेगी। उल्लेखनीय है कि नवनियुक्त कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे गत कार्यकारिणी में संयोजक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए सतत रूप से प्रयासरत डॉ. दुबे ने मुंबई विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक पदों के दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है तथा विभिन्न सभा-संस्थाओं में पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस समिति में सदस्य के रूप में मुंबई से श्री अमरजीत मिश्र, डॉ. राजेश्वर उनियाल, श्री गजानन महतपुरकर, श्री ब्रजमोहन पांडेय, डॉ. संजय सिंह, श्री आनंद सिंह, श्री प्रसाद काथे, श्री आनंद मिश्र, श्री सुरेश शुक्ल, श्रीमती प्रमिला शर्मा, डॉ. रोहिदास वाघमारे, ठाणे से डॉ. सुधाकर मिश्र, श्री राघवेंद्र द्विवेदी, श्रीमती कुसुम जोशी, डॉ. रवि शुक्ला, श्री देवेंद्रप्रताप सिंह, श्री संतोष सूर्यनारायण सिंह तथा श्रीमती लीना मेंहदले (पुणे), श्रीमती सरस्वतीदेवी बजाज रांदेर (भाईंदर), डॉ. सुनील कुलकर्णी (जळगाांव), डॉ. विजय शर्मा (धुळे), श्री अभिमन्यु शितोले (डोंबिवली), डॉ. एल. आय. घोरपडे (कणकवली), श्री अविनाश बागडे (नागपूर), डॉ. अंबादास देशमुख, (लातूर), श्री प्रमोद शर्मा, (नागपूर), डॉ. एस. टी. आवटे (कुडाल), डॉ. ईश्वर पवार (शिरुर), डॉ. भारती गोरे (औरांगाबाद), डॉ. जोगिंदरसिंह बिसेन (लातूर) का समावेश है। इस संबंध में प्रतिक्रिया देते हुए कार्याध्यक्ष डॉ. दुबे ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी का गठन हिन्दी के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से किया गया है। वर्तमान सरकार हिन्दी के विकास के लिए विशेष रूप से प्रयासरत है। सरकार द्वारा घोषित अकादमी की यह टीम बेहद ऊर्जावान है। मुझे विश्वास है कि मंत्री महोदय के मार्गदर्शन में यह अकादमी सकारात्मक कार्य करेगी।

